खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना ने सबको स्तब्ध कर दिया है. पुनासा थाना क्षेत्र के एक खेत में अकेली रहने वाली 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ चार नकाबपोश बदमाशों ने गुरुवार देर रात सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बारी-बारी से उसके साथ दरिंदगी की. इतनी बर्बरता से महिला के गुप्तांग में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह खून से लथपथ हो गई.
बदमाश उसे कुएं में फेंकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आसपास लोगों की मौजूदगी देखकर खेत में छोड़कर फरार हो गए. पीड़िता करीब 12 घंटे तक तड़पती रही. शुक्रवार सुबह भूसा खरीदने आए ग्रामीणों ने उसकी हालत देख पुलिस और परिवार को सूचना दी. महिला को पहले पुनासा अस्पताल और फिर खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
खंडवा जिले का पुनासा इलाका, जहां खेतों के बीच बनी छोटी-छोटी झोपड़ियां इंसानों की आबादी से दूर बिखरी पड़ी हैं, वहां एक बुजुर्ग महिला अकेले रहती थी. उसका छोटा सा घर खेत के किनारे था, जहां वह दिन-रात गुजारा करती थी. गुरुवार रात को खाना खाकर सोई महिला को नहीं पता था कि रात के अंधेरे में चार नकाबपोश दरिंदे उसके घर में घुस आएंगे. उन्होंने पहले उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि चीख न निकल सके, फिर हाथ-पैर पकड़कर क्रूरता से दुष्कर्म किया. यह वारदात इतनी हैवानियत भरी थी कि महिला बुरी तरह घायल हो गई.
पीड़िता का पूरा जीवन खेत के आसपास ही बीता है. नर्मदानगर थाना प्रभारी विकास खींची के अनुसार, महिला अकेली रहती थी और खेत में ही अपना छोटा सा आशियाना बनाए हुए थी. रात में सोते वक्त चार बदमाश अचानक कमरे में दाखिल हुए. उन्होंने उसे जबरन दबोचा और मुंह बंद कर दिया. बारी-बारी से चारों ने उसके साथ अपराध किया, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई.
वारदात के बाद आरोपियों ने महिला को कुएं में फेंकने की फिराक में थी, लेकिन पास के खेतों में काम करने वाले लोगों की आवाजें सुनकर वे घबरा गए. उन्हें खेत में ही पटककर भाग निकले. बुजुर्ग महिला खटिया पर पड़ी रही, जहां से उसका खून लगातार बहता रहा. पूरी रात और सुबह तक वह वहीं तड़पती रही, कोई मदद नहीं पहुंची. खटिया पूरी तरह खून से सन गई थी.
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग भूसा खरीदने उसके खेत पहुंचे. झोपड़ी के बाहर खटिया पर पड़ी बुजुर्ग की हालत देख वे सन्न रह गए. उन्होंने तुरंत उसकी बेटी को फोन किया और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और परिवार ने महिला को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में गुप्तांग में गंभीर चोटें पाईं और उसे खंडवा रेफर कर दिया.
पुनासा एसडीओपी मनोहर गावली ने बताया कि यह बेहद गंभीर मामला है. महिला की हालत नाजुक है, इसलिए महिला अधिकारी को अस्पताल भेजा गया है ताकि उसके बयान दर्ज हो सकें. अभी वह बयान देने लायक नहीं है. बयान मिलते ही आरोपियों की तलाश तेज की जाएगी और सख्त कार्रवाई होगी.