menu-icon
India Daily

कनार्टक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में होगा ऐलान

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस्तीफा दे दिया. माना जा रहा है कि डीके शिवकुमार राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे. कांग्रेस विधायक दल की बैठक में नए नेता का ऐलान होगा.

Dhiraj Kumar Dhillon
कनार्टक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में होगा ऐलान
Courtesy: @siddaramaiah X account

कर्नाटक में लंबे समय से सत्ता के नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं गुरुवार को अंजाम तक पहुंच गईं. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गर्वनर हाऊस पहुंचकर अपना इस्तीफा सौंप दिया. राज्यपाल की गैर मौजूदगी में ‌सिद्धारमैया ने उनके सचिव को इस्तीफा सौंपा. माना जा रहा है कि डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे. कांग्रेस के विधायक दल की बैठक में कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होगा.

क्या बोले सिद्धारमैया?

सिद्धारमैया ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जिस तरह अभिनेता राजकुमार दर्शकों को अपना भगवान मानते हैं, उसी तरह मेरे लिए मतदाता भगवान है और संविधान हमारे धर्म है. उन्होंने इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का धन्यवाद करते हुए कहा कि 20 साल पहले जब कांग्रेस में शामिल हुआ, तब से ही कांग्रेस आलाकमान, कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मेरा सहयोग किया, यही कारण है कि मैं दो बार मुख्यमंत्री बन सका. उन्होंने कहा- सहयोग के लिए सबका धन्यवाद करता हूं.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी इस्तीफे की जानकारी

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस्तीफा देने की जानकारी खुद दी है. उन्होंने कहा कि राज्यपाल बेंगलुरू में नहीं हैं, उन्होंने गवर्नर राज्यपाल के सचिव को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. सिद्धारमैया बोले- मैं हमेशा आलाकमान के आदेश का पालन करता रहा हूं, कांग्रेस आलाकमान ने इस्तीफा देने के लिए कहा तो मैनें इस्तीफा दे दिया. राज्यपाल बेंगलुरू लौटकर मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लेंगे, उसके बाद मैं पदमुक्त हो जाऊंगा.

सुबह नाश्ते पर कर दिया था ऐलान

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार सुबह कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की जानकारी दी थी. उन्होंने मंत्रिमंडल के साथ नाश्ते की मीटिंग में कहा था कि डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के साथ तीन साल से चल रहे नेतृत्व विवाद का अंत हो जाएगा. दोनों के बीच का विवाद काफी चर्चाओं में रहा है. इससे पहले दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ 48 घंटे तक गुप्त बैठकें और विचार-विमर्श हुआ. कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री को इस्तीफा देने के लिए राजी करने के लिए एक हाई-प्रोफाइल मुआवजा पैकेज की पेशकश की गई थी - जिसमें राज्यसभा की एक सीट भी शामिल बताई जा रही है.