बेंगलुरु: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बेंगलुरु के मशहूर रामेश्वरम कैफे का दौरा किया. यह दौरान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. इस बार वो ग्राहक की तरह नहीं गए थे. बल्कि इस बार वो सीधे किचन में चले गए और वहां कर्मचारियों के साथ डोसा बनाने की कोशिश की. सिंधिया ने खुद इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में ज्योतिरादित्य सिंधिया सफेद कुर्ते में नजर आ रहे हैं. वह पहले कैफे के कर्मचारियों से बातचीत करते हैं और फिर गर्म तवे के सामने पहुंच जाते हैं. उन्होंने तवे पर डोसे का बैटर डाला और उसे फैलाने की कोशिश की. इसके बाद डोसा तैयार होने पर उसे प्लेट में रखा और चटनी के साथ एक ग्राहक को भी दिया. इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारी उन्हें डोसा बनाने का तरीका बताते नजर आए.
सिंधिया ने बाद में अपने अनुभव को शेयर करते हुए कहा कि डोसा बनाना देखने में जितना आसान लगता है, वास्तव में उतना आसान नहीं है. इस वीडियो को लोग तेजी से शेयर कर रहे हैं. देखें वीडियो-
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बेंगलुरु के मशहूर रामेश्वरम कैफे पहुंचे। उन्होंने किचन के अंदर जाकर शेफ्स से डोसा बनाने का तरीका जाना और खुद भी डोसा बनाने की कोशिश की। #JyotiradityaScindia #RameshwaramCafe #Bengaluru #Dosa #IndiaDaily24x7 pic.twitter.com/t7gaNUV8DY
— India Daily 24x7 (@IndiaDaily_24X7) September 23, 2026
डोसा बनाने के बाद सिंधिया ने साउथ इंडियन फिल्टर कॉफी भी बनाने की कोशिश की. वीडियो में वह कॉफी को एक बर्तन से दूसरे बर्तन में डालते हुए नजर आते हैं. इसी तरीके से कॉफी में झाग तैयार किया जाता है. कैफे का एक कर्मचारी उन्हें हिंदी में तरीका समझाता हुआ सुनाई देता है. सिंधिया ने भी इस अनुभव को मजेदार अंदाज में लिया.
सिंधिया ने कैफे के कर्मचारियों से बातचीत भी की और उनके काम की तारीफ की. उन्होंने उनसे पूछा कि वे कैसे हैं और कहा कि वे अच्छा काम कर रहे हैं. बाद में सिंधिया ने कैफे की तारीफ करते हुए इसे बेंगलुरु आने वालों के लिए जरूर जाने वाली जगह बताया. उन्होंने फिल्टर कॉफी को भी पसंद किया.