बेंगलुरु के कुछ हाई-एंड होटल्स और रिसॉर्ट्स में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन सामने आया है. एक्सपायर्ड दूध, सड़ा हुआ मीट और फंगस लगी सब्जियां मिली हैं. इनमें ताज यशवंतपुर और शांगरी-ला बेंगलुरु जैसे नामी होटल भी शामिल हैं. कर्नाटक खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने प्रीमियम होटल्स में बड़े पैमाने पर निरीक्षण किया. कई जगहों पर कथित उल्लंघन पाए गए और कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है.
इस मामले को लेकर कर्नाटक स्वास्थ्य मंत्री यूटी खादर ने कहा कि निरीक्षण का मकसद यह सुनिश्चित करना था कि लग्जरी होटल भी खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें. जानें इन होटल्स से क्या-क्या मिला.
30 टीमों ने बेंगलुरु अर्बन जिले के 26 तीन-स्टार और पांच-स्टार होटल्स का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने चिकन, मटन, मछली, तेल, दूध, मसाले, चीज, टोमेटो सॉस और नींबू के रस सहित 35 सैंपल्स लैब टेस्टिंग के लिए लिए.
निरीक्षण में गंदी किचन और स्टोरेज एरिया, एक्सपायर्ड प्रोडक्ट्स, सब्जियों पर फंगस, गलत फूड हैंडलिंग, गलत लेबलिंग और शाकाहारी-मीटाहारी खाने को अलग न रखने जैसी समस्याएं मिलीं.
#WATCH | Karnataka | Food Safety and Drug Administration Department, Food Safety Wing with 30 teams of Food Safety Officers conducted a special drive on 3-star and 5-star hotels in Bengaluru to verify compliance with the provisions of the Food Safety and Standards Act, 2006 and… pic.twitter.com/xgm5sT7cV0
— ANI (@ANI) August 8, 2026
द ललित अशोक में 76 किलो मीट, 200 किलो सब्जियां और 32 लीटर एक्सपायर्ड दूध नष्ट किया गया.
शांगरी-ला में 15 किलो मीट जब्त किया गया.
फोर सीजन्स में 19 किलो मीट जब्त हुआ.
विवंता व्हाइटफील्ड में 3 किलो एक्सपायर्ड बेकरी आइटम नष्ट किए गए.
ताज यशवंतपुर में 72 किलो मीट और मछली जब्त की गई.
रेडिसन ब्लू (द एट्रिया) में सबसे ज्यादा 105 किलो एक्सपायर्ड सामान नष्ट किया गया, जिसमें 50 किलो चिकन, 25 किलो मीट, 23 किलो मछली और 7 किलो सब्जियां शामिल थीं.
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित ऑपरेटर्स को नोटिस जारी किए हैं. जहां उल्लंघन की पुष्टि होगी, वहां कानूनी कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने सभी फूड बिजनेस ऑपरेटर्स को नियमों का पालन करने और स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया है. उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. यह अभियान उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.