menu-icon
India Daily

Bangalore Stampede News: कैसे बेंगलुरु में RCB की जीत मातम में बदली, सच आ गया सामने?

आरसीबी के सम्मान समारोह के लिए हजारों की संख्या में फैंस स्टेडियम के बाहर इकट्ठा हो गए थे. मुख्यमंत्री ने बताया कि स्टेडियम की क्षमता केवल 35,000 लोगों की है, लेकिन वहां पर 2 से 3 लाख लोग जमा हो गए थे.

Gyanendra Tiwari
Bangalore Stampede News: कैसे बेंगलुरु में RCB की जीत मातम में बदली, सच आ गया सामने?

Bangalore Stampede News: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की पहली आईपीएल खिताबी जीत का जश्न बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया. बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 33 लोग घायल हो गए. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है.

आरसीबी के सम्मान समारोह के लिए हजारों की संख्या में फैंस स्टेडियम के बाहर इकट्ठा हो गए थे. मुख्यमंत्री ने बताया कि स्टेडियम की क्षमता केवल 35,000 लोगों की है, लेकिन वहां पर 2 से 3 लाख लोग जमा हो गए थे. लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए घंटों पहले से लाइन में लगे थे.

गेट बंद होने से फैला हड़कंप

जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, गेट नंबर 10, 12 और 13 को बंद करना पड़ा. यह फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया, ताकि बिना टिकट वाले लोग जबरदस्ती अंदर न घुस सकें. लेकिन इससे हालात और बिगड़ गए. लोग गेट पर धक्का-मुक्की करने लगे और स्थिति बेकाबू हो गई.

महिलाएं और बच्चे भी चपेट में आए

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भगदड़ के समय कई महिलाएं और बच्चे भी दबाव में आ गए. कुछ लोग बेहोश हो गए और कई लोग कुचले गए. वीडियो में देखा गया कि पुलिस घायल और बेहोश लोगों को एंबुलेंस में डालकर अस्पताल पहुंचा रही थी. कुछ को मौके पर ही CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया गया.

अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी

घायलों को पास के बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है. कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

समारोह तो हुआ, लेकिन अफरातफरी रही जारी

दुर्घटना के बावजूद स्टेडियम के अंदर कार्यक्रम शाम 6:30 बजे तक चला. विराट कोहली समेत अन्य खिलाड़ी मंच पर नजर आए. हालांकि बाहर सड़कें जाम रहीं और भारी भीड़ घंटों तक बनी रही.

प्रशासन ने दी सफाई, जांच के आदेश

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना पर शोक जताया और मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की. साथ ही, उन्होंने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दिए हैं. उन्होंने कहा कि अगर किसी की लापरवाही पाई गई, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ट्रैफिक सलाह और अस्थाई ढांचे की गिरावट

पुलिस ने पहले ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी थी, जिसमें लोगों को मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने को कहा गया था. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया कि एक अस्थाई स्लैब, जो नाले पर बनाया गया था, भीड़ का भार सहन न कर सका और टूट गया. यही हादसे की मुख्य वजह बताई जा रही है.