menu-icon
India Daily

झारखंड: दांत निकलवाने के बाद महिला की मौत, डेंटल क्लिनिक का मालिक फरार

झारखंड के पलामू में दांत निकलवाने के बाद एक महिला की मौत हो गई. डॉक्टर फरार है और क्लिनिक को सील कर दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और लापरवाही के आरोपों की जांच जारी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
झारखंड: दांत निकलवाने के बाद महिला की मौत, डेंटल क्लिनिक का मालिक फरार
Courtesy: Grok AI

पलामू: झारखंड के पलामू जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दांत निकलवाने के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठने लगे हैं.

मृतक महिला की पहचान विजयन्ती देवी के रूप में हुई है, जो बिहार के औरंगाबाद जिले के कासिमपुर गांव की रहने वाली थीं. जानकारी के मुताबिक वह हरिहरगंज कस्बे के एक निजी क्लिनिक में दांत निकलवाने गई थीं. दांत निकालने की प्रक्रिया के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी.

परिजनों ने किसपर लगाया आरोप?

स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है.

क्लिनिक का मालिक डॉक्टर अशरफ अली घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. वहीं प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को सील कर दिया है.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

परिजनों ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही एफआईआर दर्ज की जाएगी.

फिलहाल महिला की मौत का सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा. पलामू की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.

पहले भी हुई ऐसी घटना?

यह घटना एक बार फिर देश में मेडिकल लापरवाही के मामलों को उजागर करती है. इससे पहले दिसंबर 2025 में उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भी एक महिला की मौत हुई थी, जहां एक झोलाछाप डॉक्टर ने यूट्यूब वीडियो देखकर किडनी स्टोन का ऑपरेशन किया था.

उस मामले में डॉक्टर नशे की हालत में था और उसने ऑपरेशन के दौरान महिला के शरीर के कई अहम हिस्सों को नुकसान पहुंचा दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी. उस घटना में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.