Woman Attacked With Petrol: झारखंड की राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के टेंदारटोला गांव में शनिवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. दोपहर करीब 1 बजे, चार अज्ञात लोगों ने एक लड़की पर पेट्रोल डालकर हमला कर दिया. यह अटैक तब हुआ जब लड़की अपने घर में थी. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
शुरुआत में अफवाह फैली थी कि लड़की पर एसिड अटैक हुआ है, लेकिन डॉक्टरों की जांच में साफ हुआ कि हमला पेट्रोल से किया गया था. घायल लड़की को तुरंत कश्यप मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी आंखों में चोट आई है, लेकिन केवल बाहरी परत (कॉर्निया) ही प्रभावित हुई है. अच्छी बात यह है कि लड़की को अब अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और डॉक्टरों ने बताया कि 1-2 दिन में वह पूरी तरह ठीक हो जाएगी.
रांची के एसएसपी और डीआईजी चंदन सिन्हा ने खुद पुष्टि की कि हमला एसिड से नहीं बल्कि पेट्रोल से किया गया. उन्होंने बताया कि घटना की जांच वे खुद देख रहे हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए रांची पुलिस को निर्देश दिया कि तत्काल जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि पीड़िता को बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जाए और हर अपडेट उन्हें तुरंत दिया जाए.
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी इस घटना को लेकर जिला प्रशासन से बात की और पुष्टि की कि लड़की को छुट्टी मिल चुकी है और उसकी हालत स्थिर है. उन्होंने कहा कि अभी तक की जांच में एसिड नहीं बल्कि पेट्रोल के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है और दोषियों की गिरफ्तारी जल्द होनी चाहिए.
इस मामले पर बीजेपी झारखंड अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी बयान जारी करते हुए इसे बेहद गंभीर बताया और सरकार से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. पुलिस फिलहाल इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और लड़की की जल्द शादी होने वाली थी, इसलिए व्यक्तिगत रंजिश समेत सभी एंगल्स पर जांच की जा रही है.