menu-icon
India Daily

Pappu Lohra Encounter: झारखंड के जंगलों में बड़ा एनकाउंटर, 15 लाख का इनामी नक्सली पप्पू लोहरा पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

Pappu Lohra Encounter: झारखंड के लातेहार में पुलिस और जेजेएमपी के बीच मुठभेड़ में संगठन का सुप्रीमो पप्पू लोहरा और उसका एक साथी मारा गया. शनिवार सुबह हुई इस मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है.

anvi shukla
Edited By: Anvi Shukla
Pappu Lohra Encounter: झारखंड के जंगलों में बड़ा एनकाउंटर, 15 लाख का इनामी नक्सली पप्पू लोहरा पुलिस मुठभेड़ में मारा गया
Courtesy: social media

Pappu Lohra Encounter: झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार सुबह पुलिस और उग्रवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में झारखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने जेजेएमपी (झारखंड जनमुक्ति परिषद) के शीर्ष कमांडर पप्पू लोहरा समेत दो उग्रवादियों को मार गिराया. पप्पू लोहरा पर 15 लाख रुपए का इनाम घोषित था.

यह मुठभेड़ लातेहार जिले के इचाबार सलैया जंगल में हुई. पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि जेजेएमपी सुप्रीमो अपने कुछ साथियों के साथ इस इलाके में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया. सर्च ऑपरेशन के दौरान उग्रवादियों ने पुलिस पर हमला कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की. करीब एक घंटे चली इस मुठभेड़ में दो उग्रवादियों को ढेर कर दिया गया.

कौन था पप्पू लोहरा?

पप्पू लोहरा पहले एक सक्रिय नक्सली था. बाद में उसने नक्सल संगठनों से अलग होकर अपनी खुद की उग्रवादी इकाई जेजेएमपी बनाई थी. उसने बूढ़ा पहाड़ जैसे इलाकों में सक्रिय होकर अवैध वसूली, अपहरण और लूट जैसे कई गंभीर अपराधों को अंजाम दिया.

पुलिस के मुताबिक, 'जबसे पप्पू लोहरा ने अपना अलग संगठन बनाया था, उसका गिरोह लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा. ये लोग लोगों से जबरन वसूली करते थे और इलाके में दहशत फैलाते थे.'

शव की पहचान के बाद मिली पुष्टि

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके पर दोनों उग्रवादियों के शव बरामद किए. जांच में पुष्टि हुई कि उनमें से एक शव पप्पू लोहरा का ही है. इस खबर के बाद सुरक्षा बलों और पुलिस अधिकारियों में उत्साह की लहर दौड़ गई.

छत्तीसगढ़ में भी चल रही है नक्सलियों पर कार्रवाई

गौरतलब है कि हाल के महीनों में छत्तीसगढ़ में भी नक्सल विरोधी अभियानों में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. पिछले दिनों सुरक्षाबलों ने एक ही ऑपरेशन में 27 नक्सलियों को मार गिराया था. इसके साथ ही सैकड़ों नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया है.