menu-icon
India Daily

बिहार के सरकारी स्कूलों में अगले साल से अनिवार्य होगी कंप्यूटर शिक्षा, CM चौधरी ने दिए निर्देश

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में योजना तैयार करने का निर्देश दिया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
बिहार के सरकारी स्कूलों में अगले साल से अनिवार्य होगी कंप्यूटर शिक्षा, CM चौधरी ने दिए निर्देश
Courtesy: ANI

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को दानापुर के राजकीय मध्य विद्यालय रामजीचक पहुंचे, जहां निपुण पथ-पढ़ना, लिखना एवं गणना विषय पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी यानी PTM आयोजित की गई थी. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधे संवाद किया और स्कूल में पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली.

सीएम चौधरी ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यालय में मौजूद शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने कहा कि PTM का उद्देश्य केवल अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद कराना नहीं, बल्कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाना भी है.

स्कूलों के लिए एक इंस्ट्रक्टर की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि अगले वर्ष से सभी सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाए. उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में बच्चों के लिए आधुनिक तकनीक की समझ जरूरी है. उन्होंने दो-तीन विद्यालयों के समूह के लिए एक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर की व्यवस्था करने का सुझाव दिया, ताकि संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हो और विद्यार्थियों को नियमित रूप से कंप्यूटर सीखने का अवसर मिल सके. सम्राट चौधरी ने विद्यार्थियों को पढ़ाई में लगातार मेहनत करने और 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने का लक्ष्य तय करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि सातवीं और आठवीं कक्षा से ही बच्चों के भविष्य और करियर की मजबूत नींव तैयार होने लगती है. मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने की सलाह भी दी. उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार तकनीक का उपयोग पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए.

अभिभावकों से मांगे सुझाव

PTM के दौरान मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से स्कूल की व्यवस्था को लेकर सुझाव भी मांगे. उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय में पढ़ाई, सुविधाओं या अन्य व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत महसूस होती है तो अभिभावक अपनी बात सामने रखें. पाठ्यक्रम में बदलाव को लेकर भी उन्होंने सुझाव देने का आग्रह किया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मेरे सपनों का भारत-सेवा चित्र अभियान के तहत राज्य स्तरीय चित्र प्रतियोगिता का भी अवलोकन किया. बच्चों ने विकसित भारत-2047, सोलर एनर्जी, मेट्रो ट्रेन, रोबोट और सपनों का भारत जैसे विषयों पर चित्र बनाए थे. मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके विचार जाने और उनकी कल्पनाशीलता की सराहना की.