menu-icon
India Daily

नाबालिग के मुंह में कपड़े ठूस कर रेप के बाद की हत्या, 600 लोगों से हुई पूछताछ फिर 'चप्पल' की वजह से पकड़ा गया आरोपी

गढ़वा में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने 600 लोगों से पूछताछ की लेकिन एक चप्पल के सुराग के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
नाबालिग के मुंह में कपड़े ठूस कर रेप के बाद की हत्या, 600 लोगों से हुई पूछताछ फिर 'चप्पल' की वजह से पकड़ा गया आरोपी
Courtesy: Pinterest

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ रेप और उसके बाद हत्या के मामले में 27 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि एक महीने की लंबी जांच और लगभग 600 लोगों से पूछताछ के बाद रविवार को संदिग्ध को पकड़ा गया. पुलिस ने बताया कि यह घटना 21 फरवरी को रामकंडा पुलिस स्टेशन के इलाके में हुई थी, जब 17 साल की लड़की शौच के लिए बाहर गई थी. 

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि वह लड़की अपनी मां और बहन के साथ एक शादी में शामिल होने के लिए गांव आई थी. देर रात वह शौच के लिए बाहर निकली थी. उन्होंने बताया कि जांच के मुताबिक आरोपी ने लड़की का पीछा किया. जब लड़की ने उसे देखा तो उसने भागने की कोशिश की लेकिन वह ठोकर खाकर सड़क पर गिर गई, जिसके बाद आरोपी ने उसे दबोच लिया.

पुलिस ने इस घटना के बारे में क्या बताया?

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने लड़की के कपड़े फाड़ दिए और चीखने से रोकने के लिए उन्हीं कपड़ों को उसके मुंह में ठूंस दिया. पुलिस ने आगे बताया कि इसके बाद वह उसे घसीटकर एक खेत में ले गया, जहां उसने उसके साथ रेप किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.

कब बरामद हुआ लड़की का शव?

पुलिस ने 23 फरवरी को लड़की का शव बरामद किया और पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया. उन्होंने बताया कि जांचकर्ताओं ने शादी में शामिल हुए लगभग 600 लोगों से पूछताछ की और लगभग 200 लोगों के कॉल रिकॉर्ड की भी जांच की. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से बरामद आरोपी की एक चप्पल ने जांचकर्ताओं को पूरे मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई.

क्या लिया गया एक्शन?

पुलिस ने बताया कि आरोपी कसमार स्थित अपने जीजा के घर पर रहता था. सबूतों और गहन जांच के आधार पर पुलिस ने इस जघन्य अपराध का खुलासा किया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार कर ली. पुलिस ने पूछताछ करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया.