रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सेशन के दौरान मंगलवार को विपक्षी पार्टियों ने जनता के मुद्दों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. बजट सेशन के आखिरी दौर में पहली बार विपक्ष ने आक्रामक रुख अपनाया. BJP MLA सदन के बाहर तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाते और प्रदर्शन करते दिखे.
विरोध का नेतृत्व कर रहे विपक्ष के चीफ व्हिप नवीन जायसवाल ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि अपराधियों का हौसला लगातार बढ़ रहा है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. हत्या, लूट और रंगदारी जैसी घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है.
BJP MLAs ने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और व्यापारी समुदाय असुरक्षित महसूस कर रहा है. कई जगहों पर रंगदारी की घटनाएं बढ़ने से व्यापारी और आम नागरिक दहशत में हैं. उन्होंने कहा कि लोग डर के मारे घर से निकलने में भी असहज महसूस कर रहे हैं.
विपक्षी विधायकों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस-राष्ट्रीय जनता दल गठबंधन सरकार के सवा साल के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान राज्य के हालात लगातार खराब हुए हैं. विधायकों ने कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर है और ब्यूरोक्रेसी पूरी तरह हावी हो गई है, जिससे जनप्रतिनिधियों की आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है.
विपक्षी विधायकों ने साफ किया कि वे झारखंड के मौजूदा हालात को विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह मजबूती से उठाते रहेंगे. जरूरत पड़ी तो वे राज्य में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जनता के हितों की लड़ाई भी लड़ेंगे. ताकि राज्य में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके. प्रदर्शन में भाजपा की कई महिला और पुरुष विधायक भी शामिल हुए, जिसमें नीरा यादव, पूर्णिमा दास, रागिनी सिंह, सी.पी. सिंह और राज सिन्हा समेत कई BJP विधायकों ने हिस्सा लिया.