Jobs in Jharkhand: झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 2025 तक 1 लाख से ज्यादा सरकारी पदों को भरने का भरोसा दिलाया है. लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले दो सालों में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में 2 लाख से ज्यादा स्वीकृत पद खत्म हो चुके हैं. इनमें शिक्षा और गृह विभाग के हजारों पद शामिल हैं.
वित्त विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2022-23 में सरकारी विभागों में स्वीकृत पदों की संख्या 5,33,737 थी, जो 2024-25 में घटकर 3,26,049 रह गई. यानी सिर्फ दो साल में 2,07,688 पद खत्म हो गए. स्वीकृत पद खत्म होने का सबसे बड़ा कारण शिक्षा और गृह विभाग में कमी है. प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के बंद होने और शिक्षकों के रिटायर होने से बड़ी संख्या में पद खत्म हो गए.
2022-23 में गृह विभाग में 1,39,734 पद स्वीकृत थे, जो 2024-25 में घटकर 1,00,192 रह गए. गृह विभाग में कुल 39,542 पद खत्म हुए. 2024-25 में विभिन्न विभागों में स्वीकृत 3,26,049 पदों में से 1,58,846 पद खाली हैं.
यह रिपोर्ट सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है. राज्य में बेरोजगारी पहले ही बड़ा मुद्दा है और इतने पदों के खत्म होने से स्थिति और गंभीर हो गई है.