menu-icon
India Daily

T20 World Cup: नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले भारत पर फूटा 'इंजरी बम ', ईशान किशन को बुमराह की यॉर्कर ने कर दिया घायल

दिल्ली में अभ्यास सत्र के दौरान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की तेज यॉर्कर विकेटकीपर-बल्लेबाज इशान किशन के पैर के अंगूठे पर जा लगी. गेंद लगने के बाद किशन असहज नजर आए.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup: नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले भारत पर फूटा 'इंजरी बम ', ईशान किशन को बुमराह की यॉर्कर ने कर दिया घायल
Courtesy: x

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से ठीक पहले भारतीय टीम को एक झटका लगा है. दिल्ली में अभ्यास सत्र के दौरान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की तेज यॉर्कर विकेटकीपर-बल्लेबाज इशान किशन के पैर के अंगूठे पर जा लगी.

गेंद लगने के बाद किशन असहज नजर आए, जिसके बाद सपोर्ट स्टाफ और फिजियो ने तुरंत उनका परीक्षण किया. हालांकि, चोट की गंभीरता पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

अभ्यास के दौरान लगी चोट

अरुण जेटली स्टेडियम में अभ्यास के दौरान बुमराह अपनी पूरी रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे. इशान किशन तेज गेंदों का सामना कर रहे थे, तभी एक सटीक यॉर्कर सीधे उनके पैर के अंगूठे पर लगी. गेंद लगते ही किशन ने अभ्यास रोक दिया और कुछ देर तक दर्द से जूझते दिखे. मेडिकल टीम तुरंत मैदान पर पहुंची और प्राथमिक जांच की. 

टीम प्रबंधन की बढ़ी चिंता

हालांकि, शुरुआती संकेत गंभीर चोट की ओर इशारा नहीं करते, लेकिन टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता. नामीबिया के खिलाफ मुकाबला अहम है और उसके बाद पाकिस्तान से भी भिड़ंत होनी है. ऐसे में किशन की फिटनेस पर खास नजर रखी जा रही है. अंतिम निर्णय मैच से पहले लिया जाएगा.

पहले मैच में लड़खड़ाई बल्लेबाजी

मुंबई में अमेरिका के खिलाफ खेले गए पहले मैच में भारत की बल्लेबाजी दबाव में दिखी थी. 100 रन से पहले छह विकेट गिर गए थे. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 84 रन की पारी खेलकर टीम को 161 तक पहुंचाया. मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट लेकर अमेरिका को 132 पर रोकने में अहम भूमिका निभाई थी.

संभावित बदलाव की उम्मीद

दिल्ली मुकाबले में संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह की वापसी की संभावना है, क्योंकि वे पिछला मैच नहीं खेले थे. अभिषेक शर्मा की उपलब्धता भी स्पष्ट नहीं है. टीम प्रबंधन संयोजन में संतुलन लाने पर विचार कर रहा है, ताकि बल्लेबाजी मजबूत हो सके. अगर इस मैच से अभिषेक शर्मा बाहर रहते हैं, तो संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है.

क्या इतिहास रचेगा भारत?

आपको बता दें कि साल 2024 में खेले गए T20 World cup में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर दूसरी बार खिताब जीता था. साल 2007 में भी भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में यह खिताब अपने नाम किया था. टूर्नामेंट के इतिहास में आज तक कोई भी टीम लगातार दो बार ट्रॉफी नहीं जीत सकी है. 

4 ग्रुप में 20 टीमों को बांटा गया

इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहली बार 20 टीम हिस्सा ले रही हैं. करीब 35 दिन तक चलने वाले  T20 World cup में 55 मैचों का आयोजन होगे, जो भारत और श्रीलंका में खेले जाएंगे. कुल 4 ग्रुप में 20 टीमों को बांटा गया है. हर ग्रुप में 5-5 टीमें है.