रांची: पुलिस ने रविवार को यानी आज बताया कि झारखंड के कोडरमा जिले में 31 जनवरी को एक श्राद्ध समारोह में शामिल होने के बाद से लापता छह लड़कियों सहित दस आदिवासी बच्चों को बिहार के गया से बचाया गया है. ये बच्चे एक खास कमजोर आदिवासी समूह के थे और खरियौडीह पंचायत के गड़ियाही बिरहोर टोला के रहने वाले थे.
वे अपनी टीम से अलग हो गए थे. वे एक ट्रेन में चढ़ गए लेकिन सही स्टेशन पर उतर नहीं पाए और गया पहुंच गए. कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि सभी 10 लापता बच्चे शनिवार को बिहार के गया जिले के एक चाइल्ड होम में मिले.
एसपी ने कहा, 'हमें जानकारी मिली कि गया पुलिस द्वारा बचाए जाने के बाद कुछ बच्चों को वहां रखा गया है, जिसके बाद मैं अपनी टीम के साथ वहां पहुंचा. चाइल्ड होम पहुंचने पर, हमने डिटेल्स का मिलान किया और उनके संबंधित अभिभावकों को वीडियो कॉल करके उनकी पहचान की पुष्टि की और उन्हें वापस ले आए.'
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि 31 जनवरी को उनके गांव के लगभग 60-70 लोग पारसाबाद में एक श्राद्ध समारोह में शामिल होने गए थे, जो लगभग 4 किमी दूर है. इन 10 बच्चों को छोड़कर सभी वापस आ गए थे.
वे किसी तरह भटक गए, पारसाडीह रेलवे स्टेशन पहुंचे और एक ट्रेन में चढ़ गए लेकिन अपने स्टेशन पर उतर नहीं पाए. इसके बाद बच्चे गया पहुंच गए. एसपी ने बताया कि वे वहां भटक रहे थे और 2 फरवरी को गया पुलिस ने उन्हें बचाया.
गया पुलिस ने उन्हें बाल कल्याण समिति को सौंप दिया और 7 फरवरी को कोडरमा पुलिस को सूचित किया गया. एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस मामले में कोई आपराधिक एंगल शामिल नहीं है.
एसपी ने बताया कि उनके लापता होने की सूचना 6 फरवरी को पुलिस को दी गई थी और जैनगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई थी. FIR दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर बच्चों का पता लगाया गया और उन्हें कोडरमा वापस लाया गया.