गुरुग्राम पुलिस ने एनकाउंटर में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के ईवेंट मैनेजर के घर पर हमला करने वाले शूटर को मार गिराया. शूटर के साथ गुरुग्राम पुलिस की मुठभेड़ सेक्टर-40 थानाक्षेत्र के कन्हई गांव में हुई. सोमवार सुबह हुई मुठभेड़ में शूटर मारा गया जबकि उसका साथी पुलिस की गोली से घायल होने के बाद मौके से भागने में कामयाब रहा, पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है. मारे गए शूटर का नाम गुरुशेर है. पुलिस के मुताबिक गुरुशेर ने हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर पर हमला किया था.
पुलिस के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम दोनों आरोपियों को हथियार बरामदगी के लिए बंधवाड़ी इलाके में लेकर गई थी. इसी दौरान आरोपियों पुलिस टीम पर हमला कर भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की. पुलिस की फायरिंग में गुरुशेर मौके पर ढेर हो गया, जबकि उसका साथी गोली लगने के बाद मौके से फरार हो गया.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर पर हमला करने के आरोप में दोनों आरोपियों को पंजाब के तरनतारन से गिरफ्तार किया गया था. 3 मई को गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर दिया था. मामले में जांच के लिए पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लिया और हथियार बरामदगी के लिए घटनास्थल पर लेकर पहुंची थी, इसी दौरान दोनों ने पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास किया और फिर मुठभेड़ हो गई.