menu-icon
India Daily

Haryana Local Body Election: हरियाणा में आज हो रहा 7 नगर निकायों में वोटिंग का महासंग्राम, जानें किन-किन पार्टियों के बीच है टक्कर

हरियाणा के 7 नगर निकायों में आज मतदान हो रहा है. 8.71 लाख मतदाता 614 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. चलिए जानते हैं किन-किन पार्टियों के बीच में है सीधी टक्कर.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Haryana Local Body Election: हरियाणा में आज हो रहा 7 नगर निकायों में वोटिंग का महासंग्राम, जानें किन-किन पार्टियों के बीच है टक्कर
Courtesy: Pinterest

चंडीगढ़: हरियाणा में आज सात नगर निकायों के लिए मतदान हो रहा है. इस चुनाव में कुल 8,71,000 मतदाता EVM के अंदर 614 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. कई निर्वाचन क्षेत्रों में मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है, जहां BJP, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल रही है.

हरियाणा के अंबाला शहर में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है. यहां BJP, कांग्रेस और एक मजबूत निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. यह सीट बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि सभी राजनीतिक पार्टियों ने इस पर अपना पूरा जोर लगा दिया है.

सोनीपत और पंचकूला में कैसी है स्थिति?

सोनीपत और पंचकूला में BJP और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है. सोनीपत में BJP ट्रिपल-इंजन सरकार और विकास कार्यों को अपने चुनाव प्रचार का मुख्य मुद्दा बना रही है. BJP उम्मीदवार राजीव जैन अपने काम के रिकॉर्ड के आधार पर वोट मांग रहे हैं.

कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान शहर की खराब सड़कों, सीवेज व्यवस्था, पीने के पानी की कमी और भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं. भूपिंदर सिंह हुड्डा, दीपेंद्र सिंह हुड्डा और राज बब्बर पहले ही उनके समर्थन में चुनाव प्रचार कर चुके हैं.

पंचकूला से कौन है BJP उम्मीदवार?

पंचकूला में BJP उम्मीदवार श्याम लाल बंसल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई प्रमुख नेताओं का समर्थन मिला है. कांग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज भी पूरी ताकत से चुनाव लड़ रही हैं.

सांपला में चुनाव राजनीतिक प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है. इस क्षेत्र को भूपिंदर सिंह हुड्डा के प्रभाव क्षेत्र में माना जाता है. यहां BJP अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार मुकाबले को और भी दिलचस्प बना रहे हैं.

उकलाना में कैसी है स्थिति?

उकलाना में BJP और एक निर्दलीय उम्मीदवार के बीच सीधा मुकाबला है. इस क्षेत्र को कुमारी सैलजा का मज़बूत गढ़ माना जाता है. BJP ने निकिता गोयल को मैदान में उतारा है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी को कांग्रेस, INLD और आम आदमी पार्टी का समर्थन मिला है.

रेवाड़ी और धारूहेड़ा में भी मुकाबला उतना ही जोरदार है, जहां BJP और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है. इन चुनावों को 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले एक बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है. अब सभी की नजरें नतीजों पर टिकी हैं.