menu-icon
India Daily

गुरूग्राम में 7 मजदूरों की मौत मामले में बिल्डर सहित 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज, जांच के लिए कमेटी गठित

गुरुग्राम के सिधरावली में सिग्नेचर ग्लोबल प्रोजेक्ट में एसटीपी खुदाई के दौरान मिट्टी ढहने से 7 मजदूरों की मौत हो गई. बिल्डर कंपनी समेत 6 पर मुकदमा दर्ज किया गया है. दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
गुरूग्राम में 7 मजदूरों की मौत मामले में बिल्डर सहित 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज, जांच के लिए कमेटी गठित
Courtesy: social media

गुरुग्राम: सिधरावली गांव में सोमवार रात सिग्नेचर ग्लोबल सिटी ऑफ कलर्स प्रोजेक्ट में एसटीपी के लिए 40 फीट गहरी खुदाई के दौरान मिट्टी अचानक ढह गई. 11 मजदूर दब गए, जिनमें 7 की मौके पर मौत हो गई और 4 गंभीर रूप से घायल हैं. साइट पर बिना सुरक्षा उपायों के काम चल रहा था. मजदूरों के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बिल्डर कंपनी, ठेकेदार और प्रोजेक्ट अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज किया है. दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उपायुक्त ने हादसे की जांच के लिए कमेटी गठित की है. 

मजदूरों की मौत का कारण

खुदाई के दौरान सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे. मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया और मजदूर दब गए. पास में काम कर रहे अन्य 11 मजदूर किसी तरह बच गए. ठेकेदार ने हादसे की सूचना प्रशासन को नहीं दी. दो घंटे बाद खुद मजदूरों को निकाला और भिवाड़ी अस्पताल भेजा. वहां से राजस्थान पुलिस को पता चला, फिर गुरुग्राम पुलिस रात साढ़े नौ बजे पहुंची. एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की मदद से सुबह चार बजे तक रेस्क्यू चला.

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी

मृतक मजदूर सतीश यादव के भाई मुरारी लाल की शिकायत पर बिलासपुर थाने में सिग्नेचर ग्लोबल, बालाजी कंस्ट्रक्शन, ठेकेदार दीनदयाल शर्मा, प्रोजेक्ट इंचार्ज दिनेश वीर, साइट स्ट्रक्चर इंचार्ज विकास पांडे और सेफ्टी इंचार्ज के खिलाफ केस दर्ज हुआ. शाम को दिनेश वीर और विकास पांडे को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा बनाया और जांच शुरू कर दी है.

जांच कमेटी और प्रशासनिक कदम

उपायुक्त अजय कुमार ने एसडीएम मानेसर दर्शन यादव की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई है. इसमें एपीसी पटौदी, जिला नगर योजनाकार और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी शामिल हैं. कमेटी को घटना के सभी पहलुओं की जांच कर जल्द रिपोर्ट देने को कहा गया है. एसडीएम ने मंगलवार को मौके का दौरा किया. श्रम विभाग ने खुदाई कार्य पूरी तरह बंद करा दिया है.

कंपनी का बयान और मुआवजा

सिग्नेचर ग्लोबल ने कहा कि हादसा ठेकेदार की लापरवाही से हुआ है. ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है. कंपनी ने स्वतंत्र जांच भी शुरू की है. मृतक मजदूरों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. परिजनों का कहना है कि 40 फीट गहरी खुदाई में पूरी लापरवाही बरती गई.

सम्बंधित खबर