हरियाणा के पलवल जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर दिया है. 19 वर्षीय युवती को जान-पहचान के दो युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने कार में बिठाया और गुरुग्राम ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. वारदात के बाद युवती घर पहुंची तो उसने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की. परिवार ने तुरंत उसे बचा लिया लेकिन उसकी हालत गंभीर हो गई. अब वह अस्पताल में भर्ती है. पुलिस ने युवती के बयान पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
17 मार्च की रात को युवती अपने चाचा के घर से पैदल लौट रही थी. इसी दौरान दो युवक कार में आए और उसे घर छोड़ने की पेशकश की. युवती दोनों को जानती थी इसलिए बिना किसी शक के कार में बैठ गई. आरोपियों ने उसे सीधे गुरुग्राम ले जाकर एक किराए के फ्लैट में पहुंचाया. वहां दोनों ने मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया. युवती पूरी रात वापस नहीं लौटी तो परिवार वाले चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी.
अगली सुबह करीब 10:30 बजे आरोपियों ने युवती को उसके गांव के पास छोड़ दिया और फरार हो गए. घर पहुंचते ही युवती का मन टूट चुका था. उसने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की. परिवार वालों ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत उसे बचा लिया. पहले उसे पास के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत बिगड़ने पर फरीदाबाद के धौज स्थित अस्पताल में शिफ्ट किया गया. वहां से भी हालत नाजुक देखते हुए उसे नूंह के नलहर सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान युवती की हालत धीरे-धीरे स्थिर हुई. सोमवार को जब वह बोलने लायक हुई तो पलवल पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया. युवती ने बताया कि दोनों आरोपी उसी इलाके के रहने वाले हैं और वह उन्हें पहले से जानती थी. पुलिस अधिकारी ने कहा कि युवती का मेडिकल परीक्षण भी करवाया जा रहा है. अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसका मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाएगा. फिलहाल युवती की देखभाल में डॉक्टर और नर्सें लगी हुई हैं
पलवल के उटावर पुलिस स्टेशन की एसएचओ इंस्पेक्टर रेनू शेखावत ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. दोनों युवक अभी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. पुलिस ने आसपास के इलाकों और गुरुग्राम में भी अलर्ट जारी कर दिया है. पीड़िता के परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की अपील की है.