menu-icon
India Daily

'9/11 दोहराने की थी साजिश!' पीएम मोदी ने UPSC मंच से किया पायलट स्मित मछार का जिक्र

यूपीएससी के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी का जिक्र किया.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
'9/11 दोहराने की थी साजिश!' पीएम मोदी ने UPSC मंच से किया पायलट स्मित मछार का जिक्र
Courtesy: ANI-Videograb

देश के लिए गर्व का एक ऐसा पल आया, जिसने हर भारतीय का सीना चौड़ा कर दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को यूपीएससी के शताब्दी समारोह में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की जांबाजी का जिक्र करते हुए उन्हें देश का सच्चा हीरो बताया. उन्होंने कहा कि एक हिंदुस्तानी ने अपनी सूझबूझ से बड़ी तबाही टाल दी. दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार को हवा में ही एक हिंसक घटना घट गई थी, जिसमें कैप्टन स्मित को चाकू से हमले का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद उन्होंने धैर्य और साहस का परिचय देते हुए विमान को सुरक्षित उतारा और 180 यात्रियों की जान बचाई.

इजराइली पीएम ने भी की तारीफ

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में बताया कि जिस तरह कैप्टन स्मित ने इस मुश्किल घड़ी में धैर्य और साहस दिखाया, उसकी तारीफ खुद इजराइल के प्रधानमंत्री ने भी की. मोदी ने कहा कि इजराइली पीएम ने कहा था कि इस हिंदुस्तानी ने 9/11 जैसी घटना होने से बचा लिया. उन्होंने कहा कि हर देशवासी को स्मित का यह पराक्रम गर्व से भर देता है.

परिवार से की बातचीत, स्वास्थ्य के लिए मांगी प्रार्थना

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उनकी उस दिन कैप्टन स्मित के पिता भूपेंद्र भाई, माता गीता बहन और पत्नी सोनल से भी बातचीत हुई थी. उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया स्मित पर गर्व कर रही है. कार्यक्रम से पहले भी मोदी ने ट्वीट कर कहा था कि कैप्टन स्मित मछार एक हीरो हैं, जिन्होंने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अटूट संकल्प दिखाते हुए सैकड़ों लोगों की जान बचाई.

नेतन्याहू से लेकर ट्रंप तक कर रहे तारीफ

कैप्टन स्मित मछार की इस बहादुरी की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है. इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें सच्चा हीरो करार दिया, तो इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने कहा कि जान जोखिम में डालकर कॉकपिट खोलने के लिए वे स्मित के आभारी हैं. उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी स्मित की तारीफ करते हुए उन्हें हीरो बताया और उनके साहस को सराहा.

11 साल स्पाइसजेट में कर चुके हैं सेवा

कैप्टन स्मित मछार जून 2022 से फ्लाईदुबई में कार्यरत हैं. इससे पहले वे करीब 11 साल तक भारत की स्पाइसजेट एयरलाइन में पायलट रहे थे, जहां उन्होंने 6,400 घंटे से ज्यादा की उड़ान का अनुभव हासिल किया और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के तौर पर दूसरे पायलटों को भी प्रशिक्षण दिया. उनकी इस बहादुरी ने एक बार फिर भारतीय पायलटों की काबिलियत को पूरी दुनिया में साबित कर दिया है, और देशभर में उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआएं की जा रही हैं.