menu-icon
India Daily

Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-NCR में GRAP-3 की पाबंदियां हटीं, AQI 204 पहुंचने पर CAQM का फैसला; जानें अब क्या खुलेगा

दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता सुधरने के बाद CAQM ने GRAP-3 की पाबंदियां हटा दी हैं. हालांकि, प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए GRAP-2 के नियम लागू रहेंगे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-NCR में GRAP-3 की पाबंदियां हटीं, AQI 204 पहुंचने पर CAQM का फैसला; जानें अब क्या खुलेगा
Courtesy: X

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत मिली है. वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण यानी GRAP-3 की पाबंदियां हटाने का फैसला किया है. आधिकारिक आदेश के मुताबिक, दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 से नीचे आ गया है. हवा की गति बढ़ने से प्रदूषक तत्वों का फैलाव बेहतर हुआ है. इसी वजह से प्रदूषण के स्तर में गिरावट दर्ज की गई. बताया गया कि फैसले के समय दिल्ली का AQI 204 दर्ज किया गया था. हालांकि, प्रदूषण पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए GRAP-2 के तहत लागू पाबंदियां जारी रहेंगी.

बारिश और तेज हवाओं से सुधरी हवा

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव और हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद प्रदूषण के स्तर में कमी आई है. तेज हवाओं के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक कण एक जगह जमा होने के बजाय फैल गए. इससे लोगों को सांस लेने में कुछ राहत मिली है. हालांकि, मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि सर्दी बढ़ने के साथ प्रदूषण का स्तर दोबारा बढ़ सकता है. तापमान गिरने पर हवा में प्रदूषक कण जमीन के करीब जमा होने लगते हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता फिर खराब होने की आशंका बनी हुई है.

GRAP-3 में कौन-सी पाबंदियां लागू थीं?

GRAP-3 के तहत कई गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी. इनमें गैर-जरूरी निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध, कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड पढ़ाई की व्यवस्था और ऑनलाइन शिक्षा का विकल्प शामिल था.

इसके अलावा दिल्ली और एनसीआर में BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल चारपहिया वाहनों के चलने पर रोक थी. दिल्ली में BS-IV या उससे पुराने मानक वाले गैर-जरूरी डीजल मध्यम मालवाहक वाहनों की एंट्री भी प्रतिबंधित थी. दिव्यांग लोगों को वाहन संबंधी प्रतिबंधों से छूट दी गई थी.

GRAP-2 के तहत अब भी रहेंगी ये पाबंदियां

GRAP-3 हटने के बावजूद GRAP-2 के नियम लागू रहेंगे. इसके तहत अस्पतालों, रेलवे, हवाई अड्डों और आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर डीजल जनरेटर के इस्तेमाल पर रोक है. निर्धारित परिस्थितियों में गैस, पीएनजी, एलपीजी और बायोगैस से चलने वाले जनरेटर इस्तेमाल किए जा सकते हैं. होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में कोयले और लकड़ी से चलने वाले तंदूरों के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध है. इनके स्थान पर गैस या इलेक्ट्रिक तंदूर का उपयोग किया जा सकता है. इसके अलावा खुले में ठोस कचरा, सूखी पत्तियां और प्लास्टिक जलाने पर रोक जारी है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जा सकता है.