प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दिल्ली सरकार गुरुवार को 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू करने जा रही है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के तहत बुनियादी ढांचे, शिक्षा, बिजली और जल शोधन से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा.
अभियान का मुख्य आकर्षण 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम होगा. गुरुवार शाम 7 बजे कर्तव्य पथ पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी एक लाख दीये जलाएंगे. मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से भी अपील की है कि वे शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों में प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु होने की कामना के लिए दीया अवश्य प्रज्वलित करें.
त्यागराज स्टेडियम में सुबह 11 बजे से मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 2,500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है. वहीं अलीपुर स्थित खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडलीय महायज्ञ होगा, जहाँ दृष्टिहीन बच्चे हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे. इसके अलावा, मजदूरों को एक ही जगह सभी सुविधाएं देने के लिए 'श्रमिक सेवा केंद्र' की शुरुआत भी की जाएगी.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानसेवक तक, पीएम मोदी के 25 वर्षों का सफर राष्ट्रसेवा की मिसाल है. जनता का आशीर्वाद और यह सेवा अभियान ही उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है.