दिल्ली में पार्किंग हुई महंगी, NDMC ने दोगुना किया शुल्क; इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगी छूटदिल्ली में सर्दियों के प्रदूषण को देखते हुए NDMC ने चार महीने के लिए पार्किंग शुल्क दोगुना कर दिया है. हालांकि इलेक्ट्रिक वाहनों और मासिक पास धारकों को छूट मिलेगी.
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने पार्किंग शुल्क दोगुना कर दिया है. यह नई दरें 1 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक NDMC के सभी पार्किंग स्थलों पर लागू रहेंगी. दिल्ली सरकार के पर्यावरण एवं वन विभाग के आदेश के बाद यह फैसला लिया गया है.
यह आदेश पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 की धारा 5 के तहत 23 जून 2026 को जारी राजपत्र अधिसूचना के अनुपालन में लागू किया गया है.
NDMC के मुताबिक, सभी पार्किंग स्थलों पर पहले से निर्धारित शुल्क अब दोगुना वसूला जाएगा. अगर इससे पहले ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का दूसरा चरण लागू होता है, तो उसी दिन से बढ़ी हुई दरें प्रभावी हो जाएंगी.
पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी से इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों और मासिक पार्किंग पास धारकों को राहत दी गई है. उन्हें पहले की दरों पर ही पार्किंग की सुविधा मिलती रहेगी. हालांकि, कार, दोपहिया और व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग दरें लागू रहेंगी.
सरकार का कहना है कि सर्दियों में दिल्ली की हवा की गुणवत्ता खराब हो जाती है. ऐसे में निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने और लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है.
NDMC ने लोगों से नई दरों के अनुसार पार्किंग शुल्क जमा करने और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की है. इससे पहले भी GRAP के तहत दिल्ली में पार्किंग शुल्क बढ़ाया जाता रहा है, लेकिन इस बार चार महीने की अवधि पहले से तय कर दी गई है.