ACP Manasvi Vashishta Suspended: दिल्ली पुलिस में एक बड़े घटनाक्रम के तहत ACP मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड कर दिया गया है. मनस्वी वशिष्ठ ने सोमवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन का नेतृत्व किया था. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए थे. सभी पुलिसकर्मी पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार से मुलाकात करने की मांग कर रहे थे.
यह पूरा मामला पूर्वी दिल्ली के शाहदरा में पुलिस और वकीलों के बीच हुए विवाद से जुड़ा है. वकील ललित बंसल पर हमले के मामले में कार्रवाई को लेकर वकीलों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था.
ACP Manasvi Vashistha suspended amid Delhi Police protest: Delhi Police Sources https://t.co/t50LfY8I9I
— IANS (@ians_india) November 3, 2026Also Read
दरअसल, शाहदरा में वकील ललित बंसल के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर वकीलों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया था. वकीलों का आरोप था कि मामले में कार्रवाई की मांग करने थाने पहुंचे कुछ अधिवक्ताओं को ACP मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा थाने के SHO अरुण कुमार ने धमकाया था. इसके बाद वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया था. विवाद बढ़ने पर ACP मनस्वी वशिष्ठ और SHO अरुण कुमार का तबादला कर दिया गया था.
अपने तबादले और पूरे मामले को लेकर सोमवार को ACP मनस्वी वशिष्ठ समेत कई पुलिसकर्मी जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे. उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की मांग की. प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए मनस्वी वशिष्ठ ने कहा कि पुलिसकर्मियों की मांग स्पष्ट है. इस तरह के मामलों से निपटने के लिए एक तय SOP यानी मानक प्रक्रिया होनी चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पुलिसकर्मियों के साथ ही ऐसा व्यवहार होगा, तो वे आम लोगों की सुरक्षा के लिए कैसे काम करेंगे?
प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने 'भारत माता की जय' और 'पुलिस एकता जिंदाबाद' के नारे भी लगाए. इस घटनाक्रम के बाद ACP मनस्वी वशिष्ठ को निलंबित करने का फैसला लिया गया है. इस कार्रवाई से दिल्ली पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है.