Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में 15 अक्टूबर की सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली. सुबह तेज धूप निकलने के बाद करीब 10 बजे आसमान में बादल छाने लगे. देखते ही देखते मौसम का मिजाज बदल गया और कई इलाकों में हल्की बौछारें पड़ने लगीं. मॉनसून की विदाई के बाद भी बारिश का सिलसिला जारी रहने से लोगों को हैरानी हुई. मौसम विभाग के मुताबिक, दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
नवरात्रि के पांचवें दिन मौसम में आए इस बदलाव ने तापमान और प्रदूषण को लेकर भी उम्मीदें बढ़ा दी हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 16 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है. बारिश से हवा में मौजूद धूल के कण कम हो सकते हैं, जिससे लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हवा में नमी का स्तर 85 से 65 प्रतिशत के बीच रह सकता है. बादलों और बारिश के कारण मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है. हालांकि, इस दिन विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है.
16 अक्टूबर को मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है. इस दिन अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. रात के तापमान में गिरावट से सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस हो सकती है. इसके बाद 17 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 21 डिग्री रहने का अनुमान है.
पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है. इस दिन अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 19 और 20 अक्टूबर को भी मौसम साफ रहने के संकेत हैं. दोनों दिन अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, 15 अक्टूबर को सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 165 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है. नोएडा में सेक्टर-125 का एक्यूआई 193, सेक्टर-62 का 191, सेक्टर-1 का 130 और सेक्टर-116 का 140 रहा.