menu-icon
India Daily

दिल्ली-NCR वालों सावधान! AQI बढ़ते ही 50% वर्क फ्रॉम होम, स्कूलों में भी बदल जाएगा पढ़ाई का तरीका

पॉल्यूशन की परेशानी समय-समय पर वापस लौट ही आती है. ऐसे में दिल्ली-NCR में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले वायु प्रदूषण से निपटने के लिए CAQM ने संशोधित GRAP लागू कर दिया है.

Shilpa Shrivastava
दिल्ली-NCR वालों सावधान! AQI बढ़ते ही 50% वर्क फ्रॉम होम, स्कूलों में भी बदल जाएगा पढ़ाई का तरीका
Courtesy: AI Generated

नई दिल्ली: पॉल्यूशन की परेशानी समय-समय पर वापस लौट ही आती है. ऐसे में दिल्ली-NCR में सर्दियों के दौरान बढ़ने वाले वायु प्रदूषण से निपटने के लिए CAQM ने संशोधित GRAP लागू कर दिया है. नए प्लान के तहत जैसे-जैसे AQI खराब होगा, वैसे-वैसे प्रदूषण रोकने के लिए पाबंदियां भी बढ़ती जाएंगी. इसका उद्देश्य प्रदूषण के बेहद खराब स्तर तक पहुंचने का इंतजार करने के बजाय AQI के अलग-अलग स्तर पर पहले से तय कार्रवाई करना है.

AQI के आधार पर चार स्टेज: 

  • स्टेज-1: AQI 201-300

इस स्तर पर हवा को खराब माना जाएगा. प्रदूषण रोकने के लिए शुरुआती स्तर के उपाय लागू होंगे और धूल, कचरा जलाने जैसी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ेगी.

  • स्टेज-2: AQI 301-400

हवा बहुत खराब होने पर वाहनों, धूल और निर्माण कार्यों पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए जाएंगे.

  • स्टेज-3: AQI 401-450

AQI गंभीर स्तर पर पहुंचने पर निर्माण और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर और सख्ती की जाएगी.

  • स्टेज-4: AQI 450 से ऊपर

इसे गंभीर प्लस स्थिति माना जाएगा. इस दौरान सबसे कड़े प्रतिबंध लागू होंगे.

रखे गए 48 एक्शन प्वाइंट:

संशोधित GRAP में कुल 48 एक्शन प्वाइंट शामिल हैं. इनमें स्टेज-1 में 25, स्टेज-2 में 8, स्टेज-3 में 10 और स्टेज-4 में 5 कार्रवाइयां शामिल हैं. हर स्टेज के साथ लोगों के लिए सिटिजन चार्टर भी जारी किया गया है. इसमें बताया गया है कि प्रदूषण के अलग-अलग स्तर पर आम लोगों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.

बढ़ सकती है पार्किंग फीस:

प्रदूषण बढ़ने पर निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने के लिए रजिस्टर्ड पार्किंग स्थलों पर पार्किंग फीस बढ़ाई जा सकती है. इसका मकसद लोगों को निजी वाहनों की जगह पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना है.

स्कूलों पर भी पड़ेगा असर:

प्रदूषण गंभीर होने पर दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए हाइब्रिड पढ़ाई का विकल्प लागू किया जा सकता है. बच्चे स्कूल जाकर या ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे. अगर AQI 450 के पार पहुंचता है और स्टेज-4 लागू होता है, तो कक्षा 6 से 9 और कक्षा 11 के छात्रों के लिए भी हाइब्रिड मोड लागू किया जा सकता है.

50 फीसदी स्टाफ ऑफिस में, बाकी वर्क फ्रॉम होम:

बहुत गंभीर प्रदूषण की स्थिति में सरकारी, नगर निगम और निजी कार्यालयों में 50 फीसदी कर्मचारियों के साथ काम कराने का फैसला लिया जा सकता है. बाकी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम दिया जा सकता है. इसका उद्देश्य सड़कों पर वाहनों की संख्या कम करना है.

AQI 450 पार हुआ तो ट्रकों पर सख्ती:

स्टेज-4 में दिल्ली में ट्रकों की एंट्री पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाएंगे. निर्धारित श्रेणी के स्वच्छ ईंधन और BS-6 मानकों वाले वाहनों को ही अनुमति दी जा सकती है. पुराने BS-4 और उससे पुराने डीजल भारी मालवाहक वाहनों पर भी सख्ती होगी. निर्माण और तोड़फोड़ के कामों पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए जाएंगे.

CAQM ने NCR में नवंबर और दिसंबर के दौरान होने वाले खेल आयोजनों को लेकर भी सलाह दी है. खराब वायु गुणवत्ता की स्थिति में आयोजनों की तारीख बदलने पर विचार करने को कहा गया है. खासकर स्कूली बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए मौसम और प्रदूषण की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.