दिल्ली मेट्रो को देश की राजधानी की लाइफलाइन कहा जाता है. लाखों लोग रोजाना दिल्ली मेट्रो से सफर करते हैं. इस बात में कोई शक नहीं कि मेट्रो के जरिए लोगों का सफर आसान हुआ है, लेकिन अभी भी दिल्ली मेट्रो के साथ कुछ समस्याएं हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के कस्मर सैटिस्फैक्शन सर्वे 2026 में यात्रियों ने मेट्रो से जुड़ी इन समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया है. सर्वे में यात्रियों ने स्टेशनों के बाहर गंदगी, खराब टॉयलेट सुविधाएं और पीक आवर्स में ट्रेनों में होने वाली भीड़ इसकी बड़ी समस्याएं हैं.
इस सर्वे में 1,328 लोगों ने अपनी राय रखी. यह सर्वे इस साल एक महीने तक कराया गया था. सूचना का अधिकार (RTI) के तहत मिली जानकारी के मुताबिक, यात्रियों से मेट्रो सुविधाओं और सेवाओं से जुड़े सात अलग-अलग क्षेत्रों में फीडबैक लिया गया.
सर्वे में यात्रियों ने मेट्रो स्टेशनों के बाहर फैली गंदगी पर नाराजगी जताई है. गंदगी पर 947 लोगों ने अपनी राय दी जिसमें से 457 (48%) लोगों ने कहा कि इसमें सुधार की जरूरत है. 320 लोगों ने इस व्यवस्था को बेहतरीन, बहुत अच्छा या अच्छा बताया जबकि 168 लोगों ने इसे संतोषजनक कहा. 483 लोगों ने कहा कि मेट्रो स्टेशनों के आसपास सफाई बेहतर होनी चाहिए. वहीं 362 लोगों ने टॉयलेट सुविधाओं में सुधार की जरूरत बताई.
सर्वे में शामिल लोगों ने पीक आवर्स में भीड़ को भी बड़ी समस्या बताया. सर्वे में शामिल 997 लोगों ने माना कि पीक आवर्स में मेट्रो ट्रेनों में भारी भीड़ होती है. वहीं सिर्फ 31 लोगों ने कहा कि उन्हें ट्रेनों में ऐसी भीड़ का सामना नहीं करना पड़ता. यात्रियों ने ट्रेनों की संख्या और उनके आने-जाने के समय बढ़ाने की मांग की.
DMRC के कस्मर सैटिस्फैक्शन सर्वे 2026 से पता चलता है कि दिल्ली मेट्रो की कई सेवाओं से यात्री संतुष्ट हैं लेकिन स्टेशनों के बाहर सफाई, टॉयलेट सुविधाएं, पीक आवर्स में ट्रेनों में भीड़ अभी भी चुनौती बनी हुई हैं.