menu-icon
India Daily

भाई दूज 2026: आज इस शुभ मुहूर्त में करें भाई का तिलक, जानें पूजा विधि और यम-यमुना की पौराणिक कथा

Bhai Dooj 2026: भाई-बहन के प्यार और अटूट रिश्ते का प्रतीक भाई दूज का त्योहार आज, 11 नवंबर 2026 (बुधवार) को मनाया जा रहा है.

Shilpa Shrivastava
भाई दूज 2026: आज इस शुभ मुहूर्त में करें भाई का तिलक, जानें पूजा विधि और यम-यमुना की पौराणिक कथा
Courtesy: ChatGPT

Bhai Dooj 2026: भाई-बहन के प्यार और अटूट रिश्ते का प्रतीक भाई दूज का त्योहार आज, 11 नवंबर 2026 (बुधवार) को मनाया जा रहा है. रक्षाबंधन की तरह ही यह पर्व भी भाई-बहन के रिश्ते को खास बनाने का अवसर है. इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाती हैं, आरती उतारती हैं और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि तथा अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं. वहीं, भाई अपनी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति प्यार और सम्मान जताते हैं.

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू हुई थी और 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी. इसी तिथि पर भाई दूज का पर्व मनाया जाता है. आइए जानते हैं आज तिलक लगाने का शुभ समय, पूजा की आसान विधि और इस त्योहार से जुड़ी पौराणिक कहानी.

भाई दूज 2026: तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त

भाई दूज पर बहनों के लिए भाई को तिलक लगाने का शुभ समय 11 नवंबर को दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक बताया गया है. इस दौरान बहनें अपने भाई को लकड़ी की चौकी पर बैठाकर उसके माथे पर हल्दी, कुमकुम और अक्षत यानी साबुत चावल से तिलक लगाती हैं. इसके बाद कलाई पर कलावा बांधकर आरती उतारती हैं और मिठाई खिलाती हैं.

भाई दूज की पूजा विधि:

  • सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें.

  • घर के मंदिर में देवी-देवताओं की पूजा करें और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करें.

  • थाली में हल्दी, कुमकुम, अक्षत, दीपक, मिठाई, कलावा और सूखा नारियल रखें.

  • शुभ मुहूर्त में भाई को लकड़ी की चौकी पर बैठाएं. परंपरा के अनुसार, उसके सिर पर रुमाल या कपड़ा रखा जा सकता है.

  • भाई के माथे पर हल्दी-कुमकुम और अक्षत लगाएं. उसकी कलाई पर कलावा बांधकर आरती उतारें.

  • पूजा के बाद भाई को मिठाई खिलाएं और उसके सुखी जीवन की कामना करें.

  • भाई अपनी बहन को उपहार देता है. इस दिन परिवार के लोग साथ बैठकर खास भोजन भी करते हैं.

जानें यमराज और यमुना की कथा:

भाई दूज मनाने के पीछे एक प्रसिद्ध पौराणिक कहानी जुड़ी हुई है. मान्यता के अनुसार, इस त्योहार का संबंध मृत्यु के देवता यमराज और उनकी बहन यमुना से है. कथा के मुताबिक, यमुना अपने भाई यमराज को कई बार घर आने का निमंत्रण देती थीं. एक दिन कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे. भाई को देखकर यमुना बेहद खुश हुईं. उन्होंने प्रेम से उनका स्वागत किया, माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी पसंद के पकवान बनाकर भोजन कराया.

बहन के इस स्नेह और आदर से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा. तब यमुना ने कामना की कि जो भाई इस दिन अपनी बहन से तिलक करवाए, उसे अकाल मृत्यु का भय न रहे. मान्यता है कि यमराज ने उनकी यह इच्छा पूरी की. तभी से भाई दूज पर बहनों द्वारा भाइयों को तिलक लगाने की परंपरा शुरू हुई.