दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को कथित तौर पर थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं. इस घटना के बाद विपक्ष और आम आदमी पार्टी (AAP) के हमलावर होने पर मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर करीब तीन मिनट का वीडियो शेयर कर अपनी सफाई पेश की है.
अपनी वीडियो पोस्ट में प्रवेश वर्मा ने पूरी घटना का ब्योरा देते हुए दावा किया कि तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह के एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार के लिए अभद्र और गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा कि जब उनके परिवार को सरेआम गाली दी जा रही थी, तब उन्होंने एक स्वाभिमानी व्यक्ति की तरह प्रतिक्रिया दी. मंत्री ने दावा किया, "मैंने वही किया जो ऐसी स्थिति में कोई भी व्यक्ति करता."
आज की घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सुनिए…लेकिन जो हुआ वो नहीं होना चाहिए था । pic.twitter.com/qWnMkPQtnJ
— Parvesh Sahib Singh (@p_sahibsingh) September 27, 2026
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी ने इस घटना का वीडियो जारी कर प्रवेश वर्मा पर तीखा हमला बोला है. AAP नेताओं का आरोप है कि तिलक नगर में PWD की घटिया सड़क का निर्माण उजागर होने पर मंत्री ने आपा खो दिया और रिकॉर्डिंग कर रहे कार्यकर्ता को थप्पड़ मार दिया. पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंत्री को बर्खास्त करने और तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है.
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी और प्रवेश वर्मा को गिरफ्तार करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि मोदी जी ने कैसे-कैसे लोगों को मंत्री बना दिया है. उन्होंने कहा कि सड़क की खराब क्वालिटी दिखाने पर प्रवेश वर्मा ने शख्स को थप्पड़ मार दिया. उन्होंने कहा कि वह कल खुद तिलक नगर जाकर इस सड़क का मुआयना करेंगे.