नई दिल्ली: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास सैदुलअजाइब में 5 मंजिला इमारत ढहने से 5 लोगों की मौत के मामले में दिल्ली की बीजेपी सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए एमसीडी के 2 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है. इस दिल दहला देनेवाले हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनका अस्पताल में ईलाज चल रहा है.
इस दुखद घटना के बाद दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने रविवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया और मामले की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्य को लेकर जानकारी ली और हादसे में हताहत हुए लोगों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की. इस दौरान सीएम रेखा ने कड़े शब्दों में कहा कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार हैं उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
बता दें कि शनिवार शाम दिल्ली के सैदुलअजाइब में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास एक पांच मंजिला इमारत भरभरा कर गिर गई, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और लोगों को मलबे से निकाला गया. सभी घायलों को एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
इस हादसे में मरने वाले रवि, नलिन, कपिल, पार्वती ओझा की पहचान हो गई है, जबकि एक अन्य की पहचान नहीं हो पाई है. हादसे में घायल हुए कई लोगों का एम्स में इलाज चल रहा है. हादसे का सबसे दुखद पहलु ये है कि रवि नाम के जिस युवक की मौत हुई, उसने कर्जिगस्तान से एमबीबीएस की डिग्री ली थी और अब पीजी की तैयारी कर रहा था. कैंटीन में दोस्तों के साथ खाना खाने गया था, इसी दौरान हादसे का शिकार हो गया.
इस दर्दनाक हादसे को लेकर एमसीडी के जेई अमन जैन और एई सुदेश सिंह चौहान को सस्पेंड किया गया है. सीएम रेखा के निरीक्षण के बाद यह कार्रवाई की गई है. सीम ने इस हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के भी आदेश दिए हैं. सरकार की तरफ से ये आश्वासन दिया गया है कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.