साउथ दिल्ली के महरौली में एक पांच मंजिला इमारत गिर गई है. इमारत के मलबे में कई लोगों के दबने की आशंका है. हादसे के बाद घटना स्थल पर अफरा तफरी मची हुई है. राहत व बचाव कार्य जारी है.घटना की जानकारी मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की 6 गाड़ियां और पुलिस तुरंत मौके पर रवाना हुई. बचाव दल ने अभी तक मलबे से कम से कम 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है.
मलबा काफी ज्यादा होने की वजह से मौके पर अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई है. अधिकारियों की निगरानी में भारी संख्या में बचावकर्मी बचाव अभियान में जुटे हुए हैं. स्थानीय लोग भी राहत व बचाव कार्य में जुटे हुए हैं. फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, प्राथमिकता मलबे में फंसे हर शख्स की जान बचाने की है. रेस्क्यू टीम लगातार मलबे के कोने-कोने को खंगाल रही है.