menu-icon
India Daily

भाई के सामने बहन के साथ हैवानियत, रिश्तेदार के घर जा रही लड़की को बाइक सवारों ने जंगल में ले जाकर किया गैंगरेप

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में 19 वर्षीय युवती के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि तीन युवकों ने जंगल में युवती के फुफेरे भाई को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया. चलिए जानते हैं क्या लिया गया एक्शन.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
भाई के सामने बहन के साथ हैवानियत, रिश्तेदार के घर जा रही लड़की को बाइक सवारों ने जंगल में ले जाकर किया गैंगरेप
Courtesy: Pinterest

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक 19 वर्षीय युवती के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, घटना रविवार दोपहर वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र के कोटराही जंगल में हुई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है.

जानकारी के मुताबिक युवती अपने फुफेरे भाई के साथ पैदल रिश्तेदार के घर जा रही थी. रास्ते में कोटराही जंगल के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि दोनों युवकों ने भाई-बहन को धमकाया और जंगल के भीतर ले गए.

पीड़िता ने शिकायत में क्या बताया?

पीड़िता की शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उसके फुफेरे भाई को बंधक बना दिया और उसके सामने ही युवती के साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी को फोन कर मौके पर बुलाया. आरोप है कि तीसरे युवक ने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया.

घटना के बाद तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए. किसी तरह पीड़िता और उसका भाई वहां से निकलकर वाड्रफनगर पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की.

वाड्रफनगर चौकी प्रभारी ने क्या बताया?

वाड्रफनगर चौकी प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है. प्रारंभिक जानकारी में तीनों आरोपी कोटराही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस ने पीड़िता और आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.