menu-icon
India Daily

30 लाख की उधारी बनी मौत की वजह, दोस्त ने जंगल ले जाकर सिर पर किया वार; जानें पूरा मामला

रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में एक शिक्षक ने अपने साथी शिक्षक की हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा ने शिवकुमार चंद्राकर को करीब 30 लाख रुपये उधार दिए थे और इसके बदले ब्याज लेता था. तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
30 लाख की उधारी बनी मौत की वजह, दोस्त ने जंगल ले जाकर सिर पर किया वार; जानें पूरा मामला
Courtesy: Pinterest

रायपुर के आरंग पुलिस को  17 सितंबर को सूचना मिली कि ग्राम बनचरौदा के नजदीक एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शव के सिर और चेहरे पर चोट के गंभीर निशान दिखाई दिए.

मृतक की पहचान गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के रामपुर डंगनिया निवासी शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम को बुलाया. जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव का पंचनामा कराया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

ग्रामीणों के बयान से जांच को मिली दिशा

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिवकुमार चंद्राकर और चंद्रप्रकाश वर्मा एक ही स्कूल में शिक्षक थे. दोनों ग्राम कुम्हारी के स्कूल में पढ़ाते थे. पूछताछ में ग्रामीणों और चरवाहे ने बताया कि शिवकुमार को आखिरी बार चंद्रप्रकाश के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की तरफ जाते देखा गया था.

इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने चंद्रप्रकाश की गतिविधियों की पड़ताल शुरू की. स्कूल के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने के साथ शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट भी खंगाली गई. जांच के दौरान सामने आई गतिविधियों से पुलिस का संदेह चंद्रप्रकाश पर केंद्रित हो गया.

30 लाख रुपये की रकम को लेकर चल रहा था विवाद

18 सितंबर को पुलिस ने चंद्रप्रकाश वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसने शिवकुमार की हत्या करने की बात स्वीकार की. पुलिस के मुताबिक, दोनों एक-दूसरे को करीब चार साल से जानते थे. इस दौरान वे रेत, रियल एस्टेट और बुलियन मार्केट से जुड़े कारोबार में भी साथ रहे.

चंद्रप्रकाश ने पुलिस को बताया कि उसने शिवकुमार को कारोबार के लिए करीब 30 लाख रुपये दिए थे. इसके बदले शिवकुमार ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे. आरोपी के अनुसार, वह इस रकम पर हर महीने ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीने से उसे ब्याज नहीं मिला था. इसी रकम और ब्याज को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता जा रहा था. पुलिस के अनुसार पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. इसके बाद चंद्रप्रकाश शिवकुमार को स्कूटी से बनचरौदा की ओर ले गया. पुलिस का आरोप है कि सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद चंद्रप्रकाश ने स्कूटी में रखे धारदार हथियार से शिवकुमार के सिर के पीछे हमला किया. जिससे उसकी मौत हो गई. मामले की जांच की जा रही है.