menu-icon
India Daily

रायगढ़ के स्कूल में घुसे 6-7 बाहरी युवक, 9वीं के छात्र पर चाकू से किया हमला; 3 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित चक्रधर नगर शासकीय स्कूल में लंच ब्रेक के दौरान कुछ बाहरी युवक परिसर में घुस गए. आरोप है कि उन्होंने 9वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र को बाहर बुलाकर उस पर चाकू से हमला किया.

babli
Edited By: Babli Rautela
रायगढ़ के स्कूल में घुसे 6-7 बाहरी युवक, 9वीं के छात्र पर चाकू से किया हमला; 3 गिरफ्तार
Courtesy: AI

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित चक्रधर नगर शासकीय स्कूल में सोमवार को लंच ब्रेक के दौरान हिंसा की घटना सामने आई. आरोप है कि 6 से 7 बाहरी युवक स्कूल की बाउंड्रीवाल फांदकर परिसर में दाखिल हुए और कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र को बाहर बुलाया. इसके बाद दो युवकों ने छात्र पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में छात्र के कमर के निचले हिस्से में गंभीर चोट आई. घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया.

लंच ब्रेक के दौरान स्कूल में घुसे युवक

जानकारी के मुताबिक, छात्र स्कूल में मौजूद था और लंच ब्रेक चल रहा था. इसी दौरान कुछ युवक स्कूल की बाउंड्रीवाल पार कर परिसर में पहुंच गए. उन्होंने 9वीं कक्षा के छात्र को बाहर बुलाया. आरोप है कि इसके बाद दो युवकों ने छात्र पर चाकू से वार किया. घटना के बाद छात्र के सहपाठियों ने तत्काल स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी दी.

पुलिस ने 3 युवकों को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर हमले में शामिल दो युवकों के साथ मारपीट में शामिल एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ित छात्र और आरोपियों के बीच पहले से दोस्ती थी. कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. पुलिस फिलहाल इसी विवाद को हमले की वजह मानकर मामले की जांच कर रही है.

ABVP ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के विरोध में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी ABVP के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

ABVP पदाधिकारियों ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के परिसर में इस तरह की घटनाएं विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं. उन्होंने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग उठाई.