Women’s Asia Cup 2026 में पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम से जुड़ी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. खिलाड़ी की तस्वीर ने पूरे सोशल मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में नशरा संधू और ईमान फातिमा को one8 ब्रांड के जूते पहने देखा गया. यह वही ब्रांड है, जिसे भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने को-फाउंड किया है. मैदान पर संधू ने भी ऐसा प्रदर्शन किया कि पाकिस्तान ने हांगकांग को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया.
हांगकांग के खिलाफ पाकिस्तान के मैच के दौरान नशरा संधू और ईमान फातिमा के जूतों पर फैंस की नजर गई. दोनों खिलाड़ी one8 ब्रांड के फुटवियर में दिखाई दीं. इसके बाद उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगे. भारतीय क्रिकेट से जुड़े विराट कोहली के ब्रांड का नाम देखकर फैंस ने इस पर खूब प्रतिक्रिया दी.
Half of Pakistan Women Cricket team wearing Virat Kohli's one8 shoes
— Fahim. (@Faheem_0ne8) September 8, 2026
Only player in history to get loved by both sides of border pic.twitter.com/eZNkO9kc4l
नशरा संधू ने मुकाबले में पाकिस्तान की जीत को एकतरफा बना दिया. बाएं हाथ की स्पिनर ने चार ओवर में सिर्फ सात रन खर्च किए और छह बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. यह उनके करियर का सबसे शानदार प्रदर्शन रहा. पाकिस्तान ने हांगकांग को 71 रन पर समेट दिया और फिर 72 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया.
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली. टीम ने ग्रुप A में तीन मुकाबलों से चार अंक जुटाए और दूसरे स्थान पर रही. अब पाकिस्तान का सामना दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका से होगा. पहले सेमीफाइनल में भारत और बांग्लादेश आमने-सामने होंगे. दोनों पड़ोसी टीमें जीतती हैं तो फाइनल में फिर भारत-पाकिस्तान मुकाबला देखने को मिल सकता है.
पाकिस्तान के लिए टूर्नामेंट पूरी तरह आसान नहीं रहा. भारत के खिलाफ शेफाली वर्मा के आउट होने के बाद इशारा करने पर कप्तान फातिमा सना पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगा और एक डिमेरिट पॉइंट मिला. इसके अगले दिन गुल फिरोजा को LBW फैसले पर असहमति जताने के लिए समान जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया. 24 महीनों में यह उनकी दूसरी गलती थी.