प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई की तबियत बिगड़ गई है. निमोनिया और लो ब्लड प्रेशर की शिकायत पर उन्हे रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है. डॉक्टर्स के मुताबिक पद्मविभूषण तीजन बाई के फेफड़ों में पानी और निमोनिया के चलते तबियत गंभीर हो गई है, बुधवार रात जब उन्हें अस्पताल लाया गया तो तबियत नाजुक थी, उन्हें तत्काल आईसीयू में शिफ्ट किया गया. गुरुवार को उनकी हालत में सुधार बताया गया है. तीजन बाई के बीमार होने की खबर से उनके प्रशंसकों मायूसी देखी जा रही है.
एम्स में जांच के दौरान तीजन बाई के फेफड़ों में पानी भर जाने की पुष्टि हुई. साथ में निमोनिया की शिकायत ने हालत को और गंभीर बना दिया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तीजन बाई के पुत्रवधु वेणु देशमुख ने बताया कि अस्पताल में समय से उपचार शुरू होने के बाद अब उनकी हालत में सुधार है. डाक्टरों ने हालत खतरे से बाहर बताई है, लेकिन उम्र अधिक होने के कारण डॉक्टर कोई रिस्क नहीं लेना चाहते, उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है.
तीजन बाई की हालत बिगड़ने के बाद उनके प्रशंसकों में मायूसी छा गई थी, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार की खबर के बाद उन्होंने राहत की सांस ली है. प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. बता दें कि तीजन बाई को छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए जाना जाता है. महाभारत की कथाओं को अपने अंदाज में प्रस्तुत करने वाली तीजन बाई की देश ही नहीं पूरी दुनिया में प्रशंसक हैं. लोक कला में योगदान के लिए कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने वाली तीजन बाई को 1988 में पद्मश्री और 1995 में संगीत नाटक अकादमी और फिर 2019 में पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया था.