छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना घटी. मिल रही जानकारी के मुताबिक खल्लारी माता मंदिर के रोपवे में बड़ी दुर्घटना घटने के कारण एक महिला की मौत हो गई. इसके अलावा सात लोग घायल हो गए हैं.
नवरात्रि के मौके पर सारे श्रद्धालु माता के दर्शन करने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान घटी घटना ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है. यह करीब सुबह 10 बजे की बात है, मंदिर से नीचे उतर रही रोपवे ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और केबल टूट गए. जिसके बाद ट्रॉली तेजी से नीचे गिर गई. ट्रॉली में आठ श्रद्धालु सवार थे, जिनमें से एक की मौत हो गई और सात घायल हो गए. इस हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई.
रिपोर्ट के मुताबिक मृतक की पहचान आयुषी सतकर के रूप में हुई, वे रायपुर की रहने वाली थीं. नवरात्रि के दौरान परिवार या दोस्तों के साथ माता के दर्शन करने आई थी. लेकिन इस घटना के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई. सात घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. डॉक्टर इलाज में जुटे हैं, घायलों में पुरुष, महिला और बच्चे शामिल हैं. वे भी मंदिर दर्शन के लिए आए थे. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा इतना तेज था कि कुछ समय के लिए कोई कुछ समझ नहीं पाया. ट्रॉली हवा में लटकी फिर झटके से गिरी, इसके कारण आसपास दहशत फैल गई.
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को बचाया गया. रोपवे सेवा तत्काल बंद कर दी गई है. हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं. शुरुआती जांच के मुताबिक केबल टूटना मुख्य वजह माना जा रहा है. तकनीकी टीम जांच कर रही है, जिसके बाद पूरी सच्चाई सामने आएगी. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने इसे बेहद दुखद बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि जांच जल्द पूरी होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मंदिर पहाड़ी पर स्थित है, जहां हर दिन हजारों श्रद्धालु आसानी से आते-जाते हैं. इस तरह की घटना के कारण लोगों में डर का माहौल बन गया है.