menu-icon
India Daily

'मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना', बेइज्जती का बोझ नहीं सह सकी सिपाही की बेटी; फांसी लगाकर दे दी जान

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में चोरी के आरोप से आहत एक सिपाही की 17 वर्षीय बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड नोट में उसने माता-पिता से माफी मांगी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना', बेइज्जती का बोझ नहीं सह सकी सिपाही की बेटी; फांसी लगाकर दे दी जान
Courtesy: Pinterest (Representative image)

कोरिया: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां चोरी के आरोप से आहत होकर एक सिपाही की 17 वर्षीय बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने मामले में आइसी मार्ट के तीन संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, सात जुलाई को सिपाही की दो नाबालिग बेटियां स्थानीय आइसी मार्ट में कॉस्मेटिक का सामान खरीदने गई थीं. आरोप है कि वहां मौजूद संचालकों ने दोनों पर करीब 1500 रुपये के कॉस्मेटिक सामान की चोरी का आरोप लगाया. परिजनों का कहना है कि नाबालिग पर दबाव बनाकर उससे जबरन चोरी स्वीकार करने जैसा लिखवाया गया और उनकी स्कूटी भी अपने पास रख ली गई.

क्या है पूरा मामला?

बताया गया कि अगले दिन जब बच्चियों के पिता स्कूटी वापस लेने के लिए मार्ट पहुंचे तो आरोपियों ने स्कूटी लौटाने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की. इस घटना से नाबालिग मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई. परिवार के अनुसार उस पर लगे आरोप और बदनामी के डर ने उसे गहरे सदमे में पहुंचा दिया.

गुरुवार को नाबालिग ने पुलिस लाइन स्थित अपने घर में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें उसने लिखा कि मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना. मेरी वजह से आप लोगों को बदनामी झेलनी पड़ रही है. इस सुसाइड नोट ने पूरे मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. कोतवाली पुलिस ने आइसी मार्ट के संचालक दीपक वैध, विनोद वैध और जगत वैध के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि जांच जारी है और मार्ट को फिलहाल सील कर दिया गया है.

घटना से नाराज परिजन, स्थानीय लोग और सैकड़ों महिलाओं ने सिटी कोतवाली का घेराव किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए चक्काजाम भी किया. पुलिस ने लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है.