menu-icon
India Daily

घर में घुसकर पत्नी के सामने ही तीन लोगों ने की बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या, पुलिस को नक्सली साजिश का शक

बीजापुर जिले के पूतकेल गांव में तीन अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर 60 वर्षीय धर्मा सोयम की हत्या कर दी. पत्नी के सामने चाकू और टंगिए से वार कर हत्या की गई.

auth-image
Edited By: Km Jaya
Naxalite Attack India daily
Courtesy: Pinterest

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में देर रात एक बुजुर्ग की उसके घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार तीन अज्ञात हमलावर रात में बुजुर्ग के घर पहुंचे और उसकी पत्नी के सामने चाकू और टंगिए से कई वार कर उसकी हत्या कर दी. 

यह घटना पूतकेल गांव की है जहां शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे तीन संदिग्ध हमलावरों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर वारदात को अंजाम दिया. बुजुर्ग की पहचान 60 वर्षीय धर्मा सोयम के रूप में हुई है. पुलिस को इस घटना में नक्सलियों के शामिल होने पर गहरा संदेह है और इसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

कब हुआ हमला?

जानकारी के मुताबिक धर्मा सोयम अपने घर में सो रहे थे जब तीन हमलावर अचानक घर में घुसे और उन पर हमला कर दिया. हमलावरों ने चाकू और टंगिए से कई वार किए जिससे धर्मा सोयम की मौके पर ही मौत हो गई. यह पूरी वारदात उनकी पत्नी की आंखों के सामने हुई. हमलावर घटना के बाद तुरंत फरार हो गए. 

कैसे मिली जानकारी?

पत्नी ने गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया. घटना की जानकारी मिलते ही बासागुड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने अपने चेहरे ढके हुए थे और पहचान छिपाने की कोशिश की. 

जांच में क्या आया सामने?

शुरुआती जांच में पुलिस को नक्सली संलिप्तता का शक है क्योंकि बीजापुर का यह क्षेत्र पिछले कई महीनों से नक्सली गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है. इससे पहले इसी इलाके के नेला कांकेर में पिछले महीने नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में दो ग्रामीणों की हत्या कर दी थी. इन घटनाओं की वजह से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है.

थाना प्रभारी ने क्या बताया?

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है. थाना प्रभारी दीपक साहू ने बताया कि यह वारदात नक्सलियों की हो सकती है और टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है. पुलिस ने आसपास के गांवों में भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

क्या इस मामले में है नक्सली कनेक्शन?

धर्मा सोयम की हत्या ने गांव के लोगों को दहशत में डाल दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय तीन लोगों का इस तरह घर में घुसना और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाना स्पष्ट संकेत देता है कि यह हमला किसी साजिश का हिस्सा हो सकता है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे और जांच में नक्सली कनेक्शन की पुष्टि भी हो सकती है.