पटना में PM मोदी के रोड शो को लेकर ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी, जानें किन रास्तों पर रहेगी नो एंट्री
PM Modi Roadshow In Patna: प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो पटना एयरपोर्ट से शुरू होकर डुमरा चौकी और इनकम टैक्स चौराहे से होते हुए भाजपा कार्यालय तक पहुंचेगा, जहां उनका स्वागत किया जाएगा और जनसभा हो सकती है.
PM Modi Roadshow In Patna: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 मई (गुरुवार) को पटना में रोड शो करेंगे, जिसे लेकर शहर की ट्रैफिक पुलिस ने एक विशेष एडवाइजरी जारी की है. सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट में कई बदलाव किए गए हैं.
पटना ट्रैफिक SP अपराजित लोहान ने मीडिया को बताया कि गुरुवार शाम 4 बजे से 8 बजे तक शहर के कई क्षेत्रों में नो एंट्री रहेगी. एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था, ट्रैफिक SP ने कहा, 'जो लोग पटना एयरपोर्ट जाना चाहते हैं, वे शाम 4 बजे से पहले ही पहुंच जाएं. इसके बाद केवल तीन निर्धारित स्थानों से पुलिस एस्कॉर्ट वाहनों के जरिए ही उन्हें एयरपोर्ट पहुंचने की अनुमति होगी.'
PM मोदी का रोड शो रूट
PM नरेंद्र मोदी का रोड शो पटना एयरपोर्ट से शुरू होकर डूमरा चौकी, इनकम टैक्स गोलंबर होते हुए भाजपा कार्यालय तक चलेगा. इस रूट पर सुरक्षा के मद्देनजर सख्त ट्रैफिक नियंत्रण लागू किया जाएगा. फुलवारीशरीफ से एयरपोर्ट तक की सड़क शाम 4 बजे के बाद पूरी तरह बंद कर दी जाएगी. यात्रियों को जगदेव पथ की ओर से वैकल्पिक मार्ग लेने की सलाह दी गई है.
अन्य वैकल्पिक मार्ग और मार्ग प्रतिबंध
उत्तर दिशा की ओर जाने वाले वाहन अशियाना-दिघा रोड का उपयोग कर सकते हैं. डूमरा चौकी पर एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी. एयरपोर्ट के लिए केवल टिकटधारी यात्री ही चितकोहरा गोलंबर मार्ग से प्रवेश कर सकेंगे. अन्य लोग हार्डिंग रोड से जा सकते हैं. इनकम टैक्स गोलंबर पर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे. गांधी मैदान या रेलवे स्टेशन जाने के लिए आर ब्लॉक रूट का उपयोग करें.
भीड़ प्रबंधन के लिए स्वयंसेवी संगठन भी तैनात
रोड शो में शामिल होने वालों के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है. स्थानीय एनजीओ और वालंटियर समूहों को भी भीड़ नियंत्रण के लिए तैनात किया गया है. पटना पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे रोड शो के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और ट्रैफिक गाइडलाइंस का पालन करें.