उत्तराखंड पुलिस को मिला राष्ट्रपति पुलिस निशान, यह सम्मान पाने वाला देश का 16वां राज्य बना
उत्तराखंड पुलिस को 25 वर्षों की सेवा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रपति पुलिस निशान से सम्मानित किया गया. यह उपलब्धि हासिल करने वाला उत्तराखंड देश का 16वां राज्य बना.
उत्तराखंड पुलिस के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में राज्य पुलिस को प्रतिष्ठित 'राष्ट्रपति पुलिस निशान' (President’s Colours) से सम्मानित किया. पुलिस बल की 25 वर्षों की सेवा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यों के सम्मान में यह निशान प्रदान किया गया. इसके साथ ही उत्तराखंड यह सम्मान पाने वाला देश का 16वां राज्य बन गया है.
अमित शाह ने पुलिस के योगदान को सराहा
समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस ने सेवा भाव, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से अपनी अलग पहचान बनाई है. उन्होंने चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और अन्य आयोजनों के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा में पुलिस की भूमिका की सराहना की.
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है. नए आपराधिक कानूनों को लागू करने में उत्तराखंड पुलिस ने उल्लेखनीय काम किया है. उन्होंने कहा कि जांच में आधुनिक तकनीक और डिजिटल व्यवस्था के इस्तेमाल से तेजी आएगी और लोगों को समय पर न्याय मिल सकेगा.
Also Read
शाह ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखंड पुलिस के 206 जवानों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय पुलिस बल में करीब 13 हजार जवान थे, जबकि अब इनकी संख्या 26 हजार से अधिक हो गई है.
धामी ने बताया प्रदेश के लिए गर्व का क्षण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर पुलिस अधिकारियों और जवानों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान उत्तराखंड पुलिस के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा को मिली राष्ट्रीय पहचान है. यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है.
धामी ने बताया कि राज्य सरकार 'ड्रग्स फ्री देवभूमि' अभियान के तहत नशे के खिलाफ कदम उठा रही है. वहीं, 'ऑपरेशन स्माइल' और 'ऑपरेशन मुक्ति' के जरिए पुलिस सामाजिक कल्याण के कामों में भी योगदान दे रही है. साइबर अपराध पर नियंत्रण और पुलिसकर्मियों को आधुनिक प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया जा रहा है.
अधिकारियों को राष्ट्रपति पदक से किया सम्मानित
समारोह में विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए कई पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति पदक भी दिए गए. इस दौरान अमित शाह और मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का विमोचन किया.
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.