यमराज बनकर आया ट्रक, सीतापुर में मुंडन संस्कार से लौटते वक्त 5 की मौत, 17 घायल

ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार परिवार हरदोई के रायपुर खटेली गांव से एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर वापस अपने गांव लौट रहा था.

X
Sagar Bhardwaj

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और  17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मरने वालों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मुंडन संस्कार कराकर वापस लौट रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार परिवार हरदोई के रायपुर खटेली गांव से एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर वापस अपने गांव लौट रहा था. सभी लोग सीतापुर जिले के बरगवां गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. यह हादसा पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर गांव के पास हुआ.

मौके पर मची चीख-पुकार

ट्रक-टॉली की टक्कर इतनी जबरदस्त थी की मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. मोहाली के इंस्पेक्टर नागेंद्र चौबे ने बताया कि हरदोई की ओर से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी जिसके बाद ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.