menu-icon
India Daily

Video: JDU सांसद संजय झा ने की कोरियन बिहारी से मुलाकात, यूट्यूबर ने बोली फर्राटेदार हिंदी और भोजपुरी

JDU MP Sanjay Jha met Korean Bihari: Yechan C. Lee उर्फ चार्ली का बिहार से खास जुड़ाव है. उन्होंने अपने बचपन के कुछ साल पटना में बिताए थे और आज वे अपनी यूट्यूब चैनल पर शुद्ध भोजपुरी और मैथिली में बात करते हुए दिखाई देते हैं.

Gyanendra Tiwari
Video: JDU सांसद संजय झा ने की कोरियन बिहारी से मुलाकात, यूट्यूबर ने बोली फर्राटेदार हिंदी और भोजपुरी
Courtesy: Social Media

JDU MP Sanjay Jha met Korean Bihari: जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद संजय कुमार झा, जो इन दिनों एक सर्वदलीय भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दक्षिण कोरिया के दौरे पर हैं, ने सियोल में एक खास व्यक्ति से मुलाकात की. यह शख्स कोई और नहीं बल्कि यूट्यूबर येचान सी. ली हैं, जिन्हें लोग प्यार से 'कोरियाई बिहारी' के नाम से जानते हैं. यह मुलाकात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों के दिलों को छू रही है.

Yechan C. Lee उर्फ चार्ली का बिहार से खास जुड़ाव है. उन्होंने अपने बचपन के कुछ साल पटना में बिताए थे और आज वे अपनी यूट्यूब चैनल पर शुद्ध भोजपुरी और मैथिली में बात करते हुए दिखाई देते हैं. उनकी बोली, अंदाज़ और भाव-भंगिमा पूरी तरह से बिहारी संस्कृति से जुड़ी हुई है, जिस कारण उन्हें देश-विदेश में खूब सराहा जा रहा है.

मैथिली में हुआ अभिवादन

सांसद संजय झा ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “यह मुलाकात बेहद खास और अलग अनुभव रही. सियोल में यूट्यूबर चार्ली उर्फ ‘कोरियाई बिहारी’ से मिलना बहुत सुखद रहा.” साझा किए गए एक वीडियो में दोनों को मैथिली भाषा में एक-दूसरे से अभिवादन करते देखा जा सकता है, जो दर्शाता है कि संस्कृति और भाषा सीमाओं से परे होती है.

बिहार के लिए चार्ली का सम्मान

मुलाकात के दौरान चार्ली ने कहा, “मैं जो भी आज हूं, वह बिहार की वजह से हूं. मैं कोरियाई जरूर हूं, लेकिन बिहारी भाषा बोलने और राज्य का प्रतिनिधित्व करने के कारण मुझे बहुत गर्व होता है कि मुझे सांसद संजय झा जी ने पहचाना.”

आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति पर जोर

इस मुलाकात के साथ ही सांसद संजय झा ने अपने दौरे की मुख्य उद्देश्य पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि इस प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य भारत की आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है. उन्होंने पाकिस्तान समर्थित सीमा-पार आतंकवाद, ऑपरेशन सिंदूर और 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का भी जिक्र किया.

भारतीय परंपराओं को सहेजने के लिए चार्ली की सराहना

सांसद झा ने चार्ली की इस बात के लिए तारीफ की कि वे विदेश में रहते हुए भी भारतीय परंपराओं, विशेष रूप से बिहार की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को सहेज कर रख रहे हैं. इस मुलाकात ने न केवल एक गहरी सांस्कृतिक समझ को उजागर किया, बल्कि यह दिखाया कि भारत और कोरिया जैसे दो देशों के बीच भी भावनात्मक और सांस्कृतिक संबंध कितने मजबूत हो सकते हैं.