menu-icon
India Daily

पूर्व सीएम राबड़ी देवी के सरकारी आवास में घुसी पुलिस, मकान खाली करने से कर दिया था इंकार

पटना के '10 सर्कुलर रोड' स्थित सरकारी बंगले को खाली कराने के आदेश के बाद बिहार में सियासी पारा चढ़ गया है. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने आवास छोड़ने से साफ इनकार करते हुए सरकार को खुली चुनौती दी है, जिसके बाद अब इस पूरे सीन में बिहार पुलिस की एंट्री हो गई है, जिससे मामला दिलचस्प हो गया है.

KanhaiyaaZee
पूर्व सीएम राबड़ी देवी के सरकारी आवास में घुसी पुलिस, मकान खाली करने से कर दिया था इंकार
Courtesy: Social Media

पटना: बिहार की राजधानी पटना में '10 सर्कुलर रोड' स्थित हाई-प्रोफाइल सरकारी बंगले को खाली कराने की कवायद तेज हो गई है. सरकारी आदेश के अनुपालन में सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी और एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) भारी पुलिस बल के साथ अचानक राबड़ी देवी के निवास स्थान पर पहुंचे. इस प्रशासनिक हलचल ने राज्य के सियासी गलियारों में सनसनी फैला दी है. अधिकारियों की इस औचक आमद के बाद से ही पटना का राजनीतिक माहौल बेहद गर्मा गया है.

सुरक्षा बलों के साथ पहुंचे दोनों वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने बंगले के भीतर जाकर बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी से मुलाकात की. बंद कमरे में हुई इस लंबी बातचीत के दौरान अधिकारियों ने उन्हें भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस और आवास खाली करने से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी. हालांकि, इस अहम बैठक के खत्म होने के बाद जब एसडीपीओ अनु कुमारी बाहर आईं, तो उन्होंने मीडिया के तीखे सवालों का कोई जवाब नहीं दिया और सीधे रवाना हो गईं.

राबड़ी देवी ने मकान खाली करने से किया साफ़ इंकार

भीतरखाने से मिल रही खबरों के मुताबिक, राबड़ी देवी ने फिलहाल इस वीवीआईपी सरकारी आवास को छोड़ने से पूरी तरह मना कर दिया है. उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अमले को कड़े शब्दों में संदेश दे दिया है कि वे किसी भी तरह की जल्दबाजी में इस बंगले को खाली करने का इरादा नहीं रखती हैं. तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी आवास न छोड़े जाने पर विभाग की ओर से अब तक दो लिखित चेतावनियां भेजी जा चुकी हैं.

तीसरे नोटिस के बाद कड़े एक्शन की तैयारी में प्रशासन

भवन निर्माण विभाग के सूत्रों का कहना है कि नियमों के मुताबिक जल्द ही तीसरा और अंतिम नोटिस तामील कराया जाएगा. अगर इसके बाद भी लालू परिवार ने बंगला खाली नहीं किया, तो प्रशासन बलपूर्वक बेदखली की बड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर सकता है. दूसरी तरफ, दिल्ली में अपने पोते इराज का जन्मदिन मनाकर पटना एयरपोर्ट लौटीं राबड़ी देवी का गुस्सा सातवें आसमान पर था. मीडियाकर्मियों के सामने उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधा हमला बोला.

राबड़ी की सीएम सम्राट चौधरी को खुली चुनौती

राबड़ी देवी ने सरकार के खिलाफ बागी तेवर अख्तियार करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी चाहे जितनी भी पुलिस फोर्स क्यों न तैनात कर दें, वे अपना यह आवास किसी भी कीमत पर खाली नहीं करेंगी. इस सीधे चैलेंज के बाद बिहार की सत्ताधारी एनडीए के नेताओं ने लालू प्रसाद यादव के परिवार को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया है. भाजपा ने इस रवैए को सीधे तौर पर कानून का उल्लंघन बताया है.

बीजेपी ने साधा निशाना, कहा- आखिर कौन सा खजाना छिपा रखा है?

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में अब कानून का राज है और यहां किसी की मनमानी नहीं चलेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि इस परिवार को इलाज के लिए सिंगापुर और जन्मदिन मनाने के लिए दिल्ली जाना पसंद है, लेकिन जब बात नियमों की आती है तो ये बागी हो जाते हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि इस बंगले में आखिर ऐसा कौन सा गुप्त खजाना छिपा है, जिसे पुलिस हर हाल में ढूंढ निकालेगी.