menu-icon
India Daily

ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही ने बाथरूम में लगाई फांसी, जेब से मिला सुसाइड नोट

शनिवार रात करीब 9 बजे रितु कुमारी शौचालय में गई और काफी देर तक बाहर नहीं आई. जब अन्य महिला सिपाहियों को शक हुआ तो उन्होंने दरवाजा खुलवाया. अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही ने बाथरूम में लगाई फांसी, जेब से मिला सुसाइड नोट
Courtesy: pinterest

बिहार से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक महिला सिपाही ने आत्महत्या कर ली. यह घटना शनिवार रात प्रखंड परिसर के सभा भवन में हुई, जहां वह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ ठहरी हुई थी. मृतका की पहचान 22 वर्षीय रितु कुमारी के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरपुर पुलिस बल से जुड़ी थी और ट्रेनिंग के लिए भीमनगर में तैनात थी. घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

बाथरूम में फंदे से लटकी मिली सिपाही

शनिवार रात करीब 9 बजे रितु कुमारी शौचालय में गई और काफी देर तक बाहर नहीं आई. जब अन्य महिला सिपाहियों को शक हुआ तो उन्होंने दरवाजा खुलवाया. अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. रितु दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी.

पहले भी कर चुकी थी प्रयास

साथ में रह रही महिला सिपाहियों के अनुसार, रितु पहले भी मानसिक तनाव में रहती थी. प्रशिक्षण के दौरान उसने एक बार आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन समय रहते उसे बचा लिया गया था. इस घटना के बाद से वह लगातार दबाव में थी, हालांकि उसने इस बारे में खुलकर ज्यादा बात नहीं की थी.

जेब में मिला सुसाइड नोट

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. जांच के दौरान मृतका की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. फिलहाल फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.

परिवार में पसरा मातम

रितु के पिता ने बताया कि उन्हें रात में बेटी के बीमार होने की सूचना मिली थी, लेकिन सुबह पहुंचने पर उसकी मौत की खबर मिली. उन्होंने बताया कि रितु ने हाल ही में नौकरी जॉइन की थी और परिवार की उम्मीदों का सहारा थी. इस घटना के बाद परिवार और साथियों में गहरा शोक है.