menu-icon
India Daily

'अपराधियों का यमलोक तक का टिकट पक्का', CM योगी ने बिहार की धरती से भरी हुंकार

बिहार में दूसरे चरण के तहत होनेवाले मतदान से पहले चुनाव प्रचार के आखिरी दिन आज यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुपौल के भीमपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने महागठबंधन में शामिल दलों पर अपने चिर-परचित अंदाज में निशाना साधा.

Kanhaiya Kumar Jha
Edited By: Kanhaiya Kumar Jha
CM Yogi Bhimpur Rally  India Daily
Courtesy: Social Media

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुपौल में एनएच-27 किनारे स्थित भीमपुर हाई स्कूल मैदान में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया.  

अपने भाषण की शुरुआत से ही उन्होंने विपक्ष पर तीखे हमले बोले और कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधी अब बुलडोजर से डरते हैं, इसलिए आज बेटियां और व्यापारी बेखौफ जीवन जी रहे हैं.  जो अपराध करेगा, उसका टिकट यमलोक तक पक्का है. 

योगी ने राजद शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस दौर में बिहार में 30 हजार से अधिक अपहरण के मामले दर्ज हुए थे. न इंजीनियर सुरक्षित थे, न डॉक्टर और न ही मासूम बच्चे या बेटियां.  उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार को जानबूझकर जंगलराज में धकेला गया था. 

'मोदी सरकार की योजनाओं से बदला गरीब का जीवन'

सीएम योगी ने केंद्र की योजनाओं की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों और वंचितों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है.  उन्होंने कहा कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज, 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के घर, 10 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन और हर घर नल से पानी की सुविधा दी गई है. 

योगी ने कहा कि आज भ्रष्टाचार-मुक्त प्रणाली में सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, जिसका नतीजा है कि बिहार अब विकास की पटरी पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. 

'बिहार को फिर जंगलराज में मत जाने देना'

जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील की कि बिहार को समृद्ध और सुरक्षित बनाए रखने के लिए एनडीए को भारी बहुमत से विजयी बनाएं.  उन्होंने कहा कि यदि बिहार में फिर से सुशासन चाहिए, तो एनडीए को दोबारा सत्ता में लाना होगा. 

सभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू और भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र ऋषिदेव समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.  योगी ने कहा कि वे प्रभु श्रीराम के चरणों में नमन कर बिहार आए हैं और विश्वास है कि चुनाव परिणामों के बाद बिहार में फिर से सुशासन का शंखनाद होगा. 

राजद पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जिन्होंने चारा तक खा लिया, वे आज विकास और रोजगार की बात कर रहे हैं.  योगी ने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार में सड़क, बिजली, पानी, मेडिकल कॉलेज, एम्स, रेलवे और एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है.  उन्होंने कहा कि बिहार का युवा अब यूपीएससी पास कर रहा है, मल्टीनेशनल कंपनियों में काम कर रहा है और अपने स्टार्टअप चला रहा है. 

'मंदिर वहीं बनाया वादा निभाया'

राम मंदिर पर बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब हमने कहा था मंदिर वहीं बनाएंगे, तब लाठियां और गोलियां भी खाईं, लेकिन पीछे नहीं हटे.  आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर खड़ा है.  उन्होंने बताया कि अयोध्या से सीतामढ़ी को जोड़ने वाला राम-जानकी मार्ग 6,155 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है. 

बता दें कि बिहार में दूसरे चरण के तहत होनेवाले मतदान के लिए आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है. 11 नवंबर को मतदान होगा, जिसके बाद 14 नवंबर को नतीजी घोषित किए जाएंगे.  पहले चरण के तहत 6 नवंबर को वोटिंग हुई थी.