menu-icon
India Daily

'सत्ता में आते ही 3 अफसरों पर सख्त कार्रवाई...', बिहार में चुनाव आयोग पर राहुल गांधी ने किया हमला, 'वोट चोरी' का लगाया आरोप

बिहार के गया में जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर केंद्र में INDIA गठबंधन की सरकार बनी, तो मुख्य चुनाव आयुक्त सहित तीनों अधिकारियों पर कार्रवाई होगी. उन्होंने SIR योजना को वोट चोरी का नया तरीका बताया.

princy
Edited By: Princy Sharma
'सत्ता में आते ही 3 अफसरों पर सख्त कार्रवाई...', बिहार में चुनाव आयोग पर राहुल गांधी ने किया हमला, 'वोट चोरी' का लगाया आरोप
Courtesy: Social Media

Vote Adhikaar Yatra: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बिहार के गया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग पर जबरदस्त हमला बोला. उन्होंने कहा कि अगर INDIA गठबंधन की सरकार केंद्र में बनी, तो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दो अन्य चुनाव आयुक्तों - सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. राहुल गांधी ने उन पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि यह भारत माता की आत्मा पर हमला है.

राहुल गांधी ने कहा, 'पूरा देश आपसे (चुनाव आयोग) हलफनामा मांगेगा. हमें थोड़ा वक्त दीजिए, हम हर विधानसभा और लोकसभा सीट पर आपकी चोरी पकड़कर जनता के सामने रखेंगे.' उन्होंने बिहार में चल रहे SIR कार्यक्रम को बीजेपी के पक्ष में एक स्पेशल पैकेज बताया और कहा कि SIR असल में वोट चोरी का नया तरीका है.

राहुल गांधी ने किया यह दावा

राहुल ने यह भी दावा किया कि चुनाव आयोग उनसे हलफनामा मांग रहा है, जबकि खुद आयोग की चोरी सबके सामने आ चुकी है. उन्होंने कहा, 'मैं जो कहता हूं, वह करता हूं. मंच से झूठ नहीं बोलता... आज जो चुनाव आयुक्त हैं, वो मोदी जी की सरकार के तहत काम कर रहे हैं. लेकिन एक दिन आएगा जब बिहार और दिल्ली दोनों जगह INDIA गठबंधन की सरकार होगी और तब इन तीनों चुनाव अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी.'

चुनाव आयोग ने दिया राहुल गांधी को अल्टीमेटम

राहुल गांधी के साथ मंच पर RJD नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद थे, जिन्होंने भी चुनाव आयोग पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया. यह बयान उस समय आया है जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राहुल गांधी को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है. चुनाव आयोग ने साफ कहा है कि अगर राहुल गांधी अपने आरोपों के समर्थन में हस्ताक्षरित हलफनामा नहीं देते, तो उनके सभी आरोपों को बेसलेस और अमान्य माना जाएगा. चुनाव आयोग ने पहले भी विपक्ष के इन आरोपों को भ्रामक और झूठा करार दिया है.