menu-icon
India Daily

टेकबॉल क्या है? Asian Games 2026 में भारत को पहला मेडल दिला सकता है ये अनोखा खेल

Asian Games 2026 में टेकबॉल पहली बार शामिल हुआ है. भारत की क्विम्सी डिसूजा महिला सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल की दावेदार हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
टेकबॉल क्या है? Asian Games 2026 में भारत को पहला मेडल दिला सकता है ये अनोखा खेल
Courtesy: X

Asian Games 2026 का आगाज हो चुका है और भारत के लिए पहला मेडल एक ऐसे खेल से आ सकता है, जिसे देश में अभी बहुत कम लोग जानते हैं. यह खेल है टेकबॉल. क्विम्सी डिसूजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो ब्रॉन्ज मेडल मुकाबलों में जगह बनाई है.

जापान की टॉप खिलाड़ी को हराकर मचाया तहलका

क्विम्सी डिसूजा ने महिला सिंगल्स में अपने अभियान की शुरुआत जापान की यूइना सकामोटो के खिलाफ की. पहला गेम 10-12 से हारने के बाद भारतीय खिलाड़ी ने जबरदस्त वापसी की और अगले दोनों गेम 12-11, 13-11 से जीत लिए. इसके बाद उन्होंने कंबोडिया की कोएम्येन डीवाई को 12-9, 12-7 से हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में पहुंची.

सेमीफाइनल हारीं

सेमीफाइनल में क्विम्सी का सामना इंडोनेशिया की इमा सुमाया से हुआ. भारतीय खिलाड़ी ने पहला गेम 12-7 से अपने नाम किया लेकिन सुमाया ने अगले दोनों गेम 12-9 और 12-7 से जीतकर मुकाबला पलट दिया. अब क्विम्सी महिला सिंगल्स के ब्रॉन्ज मेडल मैच में जापान की यूइना सकामोटो से भिड़ेंगी. इसके अलावा मिक्स्ड डबल्स में मोहम्मद अनस इमरान बेग के साथ उनकी जोड़ी भी ब्रॉन्ज के लिए खेलेगी.

क्या है टेकबॉल और कैसे खेला जाता है?

टेकबॉल को आसान भाषा में फुटबॉल और टेबल टेनिस का मेल समझ सकते हैं. इसमें घुमावदार टेबल होती है और खिलाड़ी हाथों का इस्तेमाल नहीं करते. पैर, घुटने, जांघ, छाती और सिर से गेंद को खेला जाता है. एक खिलाड़ी को गेंद लौटाने से पहले अधिकतम तीन टच मिलते हैं और लगातार एक ही बॉडी पार्ट का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. इस खेल में कंट्रोल, टाइमिंग और गेंद पर पकड़ बेहद जरूरी होती है. टेकबॉल की शुरुआत हंगरी के बुडापेस्ट में हुई थी और 2026 एशियन गेम्स में यह पहली बार शामिल हुआ है.