आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला लगातार आग उगल रहा है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने एक नया रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. इसने उन्हें सीजन का नया ‘सिक्सर किंग’ बना दिया. मैच से पहले उन्हें रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए सिर्फ तीन छक्कों की जरूरत थी. उन्होंने पावरप्ले के अंदर ही यह हासिल कर लिया.
वैभव सूर्यवंशी ने मैच की पहली ही गेंद से अपना आक्रामक अंदाज दिखा दिया. लुंगी एन्गिडी के खिलाफ उन्होंने पहली गेंद पर ही लंबा छक्का लगाकर साफ कर दिया कि वह बड़े रिकॉर्ड के इरादे से मैदान पर उतरे हैं. इसके बाद उन्होंने लगातार बड़े शॉट खेले और पावरप्ले खत्म होने से पहले ही तीन छक्के पूरे कर लिए. इसी के साथ उन्होंने आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
इस मुकाबले से पहले यह रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम था. उन्होंने 2025 सीजन में 42 छक्के लगाए थे. वैभव ने मिचेल स्टार्क की गेंद पर छक्का लगाकर पहले इस रिकॉर्ड की बराबरी की. इसके बाद पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने त्रिपुराना विजय को स्टैंड्स में पहुंचाकर नया इतिहास बना दिया. खास बात यह रही कि उन्होंने यह रिकॉर्ड बेहद कम पारियों में हासिल किया.
वैभव सूर्यवंशी का अगला लक्ष्य अब आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सिक्स रिकॉर्ड माना जा रहा है. यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है. उन्होंने 2012 सीजन में 59 छक्के लगाए थे.