उत्तर प्रदेश के डेरवा कला गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक अपने साथियों के साथ ससुराल पहुंचा. उसके बाद उसने हैवान का रूप धारण कर लिया. ससुराल पक्ष के लोगों पर लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया. इस हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के डेरवा कला गांव की बताई जा रही है. पीड़ित परिवार के मुताबिक, दामाद और उसकी पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था. परिवार का आरोप है कि युवक का किसी दूसरी लड़की के साथ संबंध था. इसका विरोध ससुराल वाले लगातार कर रहे थे.
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था. इतना ही नहीं, पहले दर्ज एक पुराने मामले को लेकर भी युवक नाराज चल रहा था. परिवार का कहना है कि वह कई बार धमकी दे चुका था कि एक दिन सबक सिखाएगा. रविवार को उसने अपने कुछ साथियों को साथ लिया और सीधे ससुराल पहुंच गया.
परिवार के लोगों ने बताया कि युवक आते ही गाली-गलौज करने लगा. घरवालों ने विरोध किया, तो उसने अपने साथ आए लोगों के साथ हमला शुरू कर दिया. आरोप है कि हमलावरों के हाथों में लोहे की रॉड, डंडे और अन्य हथियार थे. उन्होंने घर के पुरुषों के साथ महिलाओं को भी नहीं छोड़ा. मारपीट इतनी तेज थी कि कई लोग जमीन पर गिर पड़े. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
घायल परिवार के सदस्यों का कहना है कि उन्होंने कई बार युवक को समझाने की कोशिश की थी. उनका आरोप है कि वह लगातार गुस्से में रहता था. पीड़ित पक्ष ने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि मामला इतना बढ़ जाएगा. परिवार के मुताबिक, हमला पूरी योजना के तहत किया गया था. महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें भी धक्का दिया गया और मारपीट की गई. घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
मामले की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए हैं और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.