menu-icon
India Daily

अमित शाह से मिलने गए टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर, भेंट की भगवान गणेश की प्रतिमा

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उन्हें भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
अमित शाह से मिलने गए टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर, भेंट की भगवान गणेश की प्रतिमा
Courtesy: X

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले. गंभीर ने मुलाकात की तस्वीरें एक्स पर पोस्ट की और शाह के समय व मार्गदर्शन के लिए आभार जताया. इस मुलाकात ने इसलिए भी ध्यान खींचा, गंभीर पहले बीजेपी सांसद रह चुके हैं.

अमित शाह से मिले गौतम गंभीर

गंभीर ने अमित शाह के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए इसे सौहार्दपूर्ण बताया. उन्होंने गृह मंत्री के समय और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की. इस दौरान गंभीर ने शाह को भगवान गणेश की प्रतिमा भी भेंट की। सामने आई तस्वीरों में दोनों साथ नजर आए. गंभीर की इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा जरूर शुरू हुई लेकिन सार्वजनिक रूप से सामने आई जानकारी में मुलाकात को लेकर किसी राजनीतिक भूमिका या भविष्य की योजना की घोषणा नहीं हुई है.

राजनीति में भी सक्रिय रह चुके हैं गंभीर

गौतम गंभीर क्रिकेट के साथ राजनीति में भी अपनी पारी खेल चुके हैं. 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने पूर्वी दिल्ली सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की थी. वह 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति से हट गए थे. गंभीर ने उस समय क्रिकेट से जुड़ी अपनी जिम्मेदारियों और व्यस्तताओं को राजनीति छोड़ने की वजह बताया था. अब वह भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनकी मौजूदा भूमिका क्रिकेट से जुड़ी है और वह टीम के साथ आगे की अंतरराष्ट्रीय सीरीज की तैयारियों पर ध्यान दे रहे हैं.

वेस्टइंडीज सीरीज की तैयारी में जुटी टीम इंडिया

गंभीर की टीम इंडिया को अब वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली सीरीज की तैयारी करनी है. इसी दौरान भारतीय क्रिकेट टीम एशियन गेम्स में भी हिस्सा ले रही है. दोनों प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम एक साथ होने के कारण एशियन गेम्स में भारतीय टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी नेशनल क्रिकेट एकेडमी के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण संभाल रहे हैं. गंभीर की अमित शाह से मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारतीय क्रिकेट का शेड्यूल काफी व्यस्त है. गंभीर फिलहाल राष्ट्रीय टीम की आगे की तैयारियों और अपने कोचिंग कार्यकाल से जुड़ी जिम्मेदारियों पर काम कर रहे हैं.